देश

हरियाणा: सीएम मनोहर खट्टर के बयान पर विवाद, कांग्रेस ने लगाया महिला विरोधी होने का आरोप, कहा- माफी मांगे

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने शनिवार को कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने बलात्कार के संदर्भ में ''महिला विरोधी'' टिप्पणी की है इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए.

हरियाणा: सीएम मनोहर खट्टर के बयान पर विवाद, कांग्रेस ने लगाया महिला विरोधी होने का आरोप, कहा- माफी मांगे
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला और सीएम मनोहर खट्टर (Photo Credits PTI)

नयी दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने शनिवार को कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने बलात्कार के संदर्भ में ''महिला विरोधी'' टिप्पणी की है इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए. सुरजेवाला ने ट्विटर पर खट्टर के एक कथित बयान का वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, ''महिला विरोधी-खट्टर सरकार,करे बेटियों का तिरस्कार! हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर जी की निन्दनीय टिप्पणी.''कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने दावा किया, '' खट्टर जी ने कहा है- बलात्कार की अधिकतम घटनायें उनके साथ होती हैं जो बाहर उठती-बैठतीं व घूमती-फिरतीं है. बढ़ते रेप व गैंगरेप की घटनाओं का दोष महिलाओं के चरित्र पर मढ़ना बेहद शर्मनाक.''

सुरजेवाला ने कहा कि अपने इस बयान के लिए खट्टर को माफी मांगनी चाहिए. कथित बयान या सुरजेवाला के आरोप पर फिलहाल खट्टर के कार्यालय या बीजेपी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

बता दें कि एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा, ''सबसे बड़ी चिंता यह है कि रेप और छेड़छाड़ की यह जो घटनाएं हैं, 80-90 प्रतिशत जानकारों के बीच में ही होती हैं. काफी समय तक दोनों इकट्ठे घूमते हैं और एक दिन अनबन हो गई. उस दिन उठ करके एफआईआर करवा देते हैं- 'इसने मुझे रेप किया.''

बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं जब मनोहर लाल खट्टर ने रेप को लेकर कोई विवादित बयान दिया हो. इससे पहले भी 2014 में उन्होंने बालात्कार के लिए कपड़ों को जिम्मेदार ठहराया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 18, 2018 08:41 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).