देश

'जुए का प्रमोशन करोगे तो गोली मिलेगी', इस गैंगस्टर ने ली एल्विस यादव के घर फायरिंग की जिम्मेदारी

यूट्यूबर एल्विस यादव के गुरुग्राम वाले घर पर सुबह-सुबह बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की. इस हमले की जिम्मेदारी विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया ने लेते हुए एल्विस पर जुए को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. घटना के वक्त एल्विस घर पर नहीं थे और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

'जुए का प्रमोशन करोगे तो गोली मिलेगी', इस गैंगस्टर ने ली एल्विस यादव के घर फायरिंग की जिम्मेदारी
(Photo : X)

Elvish Yadav House Firing: मशहूर यूट्यूबर और 'बिग बॉस ओटीटी 2' के विजेता एल्विस यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह अच्छी नहीं है. गुरुग्राम में उनके घर पर आज सुबह-सुबह बाइक पर आए कुछ अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं. इस हमले की जिम्मेदारी विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया ने ली है.

क्या है पूरा मामला?

यह घटना गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर 56 की है. आज सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच एक बाइक पर तीन लोग आए. उनमें से दो ने एल्विस यादव के घर पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं और फिर फरार हो गए.

अच्छी बात यह है कि फायरिंग के वक्त एल्विस यादव घर पर नहीं थे. वो किसी काम से हरियाणा से बाहर गए हुए हैं. घर पर उनके परिवार के कुछ सदस्य और केयरटेकर मौजूद थे, लेकिन हमले में किसी को कोई चोट नहीं आई. गोलियां घर के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर लगीं, जबकि एल्विस का परिवार दूसरे और तीसरे फ्लोर पर रहता है.

पिता ने क्या कहा?

एल्विस के पिता रामअवतार यादव ने बताया कि उन्हें या एल्विस को पहले से कोई धमकी नहीं मिली थी. उन्होंने कहा, "मैं सो रहा था जब गोलियां चलीं. करीब 25-30 राउंड फायरिंग हुई. सीसीटीवी में बाइक पर तीन लोग दिखे हैं."

पुलिस मौके पर पहुंच गई है और सबूत इकट्ठा कर रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि एल्विस यादव के परिवार की तरफ से शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

गैंगस्टर ने क्यों ली जिम्मेदारी?

इस हमले के कुछ ही देर बाद हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर इसकी जिम्मेदारी ली. गैंग के सदस्य राव इंद्रजीत यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह फायरिंग गैंगस्टर नीरज फरीदपुर और भाऊ रितोलिया ने की है.

पोस्ट में एल्विस यादव पर जुए (Gambling) को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है. साथ ही धमकी दी गई है कि जो भी जुए को बढ़ावा देगा, उसे या तो कॉल आएगी या फिर गोली. हालांकि, इस सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

पहले भी चर्चा में रहा है हिमांशु भाऊ गैंग

यह गैंग गुरुग्राम में पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. पिछले महीने, हरियाणवी सिंगर और रैपर फाजिलपुरिया की कार पर भी फायरिंग हुई थी. इसके कुछ दिन पहले ही उनके एक करीबी दोस्त की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी.

एल्विस यादव का नाम पहले भी विवादों में रहा है. पिछले साल उन्हें सांप के जहर वाली रेव पार्टी मामले में गिरफ्तार किया गया था. फिलहाल, इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 17, 2025 11:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).