राजस्थान विधानसभा चुनाव: CPI 29 सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव लोकतांत्रिक मोर्चे के नेतृत्व में लड़ेगी। पार्टी ने 29 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है
जयपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव लोकतांत्रिक मोर्चे के नेतृत्व में लड़ेगी. पार्टी ने 29 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है. माकपा के राज्य सचिव मण्डल के सदस्य रविन्द्र शुक्ला ने बताया कि पार्टी की दो दिवसीय बैठक में यह फैसला किया गया है. उन्होंने कहा कि राज्य कमेटी ने फैसला किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह 29 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
पार्टी की राज्य कमेटी का मानना है कि कांग्रेस ने बीते पांच साल में राज्य की भाजपा सरकार की किसान, मजदूर, दलित व अल्पसंख्यक विरोधी और जनतंत्र विरोधी कामों और नीतियों के खिलाफ पांच वर्षो तक कोई सशक्त आवाज नहीं उठाई. पार्टी के बयान में कहा गया है कि ‘विधानसभा चुनाव में पार्टी राजस्थान लोकतांत्रिक मोर्चा के नेतृत्व में दो जनविरोधी राजनीतिक शक्तियों भाजपा और कांग्रेस को हराने की कोशिश करेगी.’ यह भी पढ़े: राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, 6 बार विधायक रह चुके घनश्याम तिवाड़ी बनाएंगे तीसरा दल
उन्होंने बताया कि मोर्चे की बैठक सप्ताह भर में होगी जिसमें सीटों की भागीदारी सहित बाकी औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वामपंथी जनवादी पार्टियों ने मिलकर राजस्थान लोकतांत्रिक मोर्चा बनाया है जिसमें शामिल सात राजनीतिक दलों में जद एस, सपा, भाकपा, माकपा, माकपा माले व राष्ट्रीय लोकदल भी शामिल है. इसके साथ ही पार्टी ने राफेल सौदे में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ 22 से 28 अक्टूबर तक देश भर में अभियान चलाने का फैसला किया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2018 05:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

