बिलावल की विवादित टिप्पणी पर अनुराग ठाकुर ने कहा- यह उनका 1971 के दर्द को दर्शाती है
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के निजी हमले को शुक्रवार को ‘‘बहुत घृणित और शर्मनाक’’ करार दिया.
नयी दिल्ली, 16 दिसंबर सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के निजी हमले को शुक्रवार को ‘‘बहुत घृणित और शर्मनाक’’ करार दिया.
ठाकुर ने कहा कि सरकार के सीधे समर्थन से पाकिस्तान आतंकवाद का पनाहगाह बना हुआ है.
उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान के विदेश मंत्री का बयान बहुत घृणित और शर्मनाक है. भुट्टो की यह टिप्पणी इस दिन भारत से मिली हार पर पाकिस्तान के दर्द का नतीजा हो सकती है.’’ यह भी पढ़ें: पुल गिराने की प्रक्रिया के दौरान पुल का हिस्सा ढहने से ‘एक्सक्वेटर’ और चालक नदीतल में गिरे
उनका इशारा 1971 के युद्ध में आज ही के दिन पाकिस्तान पर भारत की जीत की ओर था.
ठाकुर ने कहा कि 93 हजार से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों ने भारत के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था और भुट्टो के नाना फूट-फूट कर रोए थे.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तान में मध्य रात्रि की कार्रवाई में अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन को मार गिराया और उन्होंने भुट्टो को अपने देश से आतंकवाद को खत्म करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा.
ठाकुर ने कहा कि आज पाकिस्तान आतंकवाद की पनाहगाह बना हुआ है और सभी जानते हैं कि आतंकियों को मारने के लिए कहां जाना पड़ता है. उन्होंने कहा कि इस सबसे पाकिस्तान अपना मुंह नहीं छिपा सकता है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)