देश

Bihar Elections 2025 1st Phase Voting: आज अपना भविष्य तय करने का दिन', प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार से मतदाताओं से वोट की अपील की

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मौके पर बिहार के लोगों से वोटिंग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है. उन्होंने बिहार की जनता से कहा कि आज अपने हाथों से अपना भविष्य तय करने का दिन है.

Bihar Elections 2025 1st Phase Voting: आज अपना भविष्य तय करने का दिन', प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार से मतदाताओं से वोट की अपील की

नई दिल्ली/पटना, 6 नवंबर : बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) के पहले चरण के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने इस मौके पर बिहार के लोगों से वोटिंग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है. उन्होंने बिहार की जनता से कहा कि आज अपने हाथों से अपना भविष्य तय करने का दिन है. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बिहार के मेरे प्यारे भाइयों, बहनों, माताओं और युवाओं, आज अपने हाथों से अपना भविष्य तय करने का दिन है. बड़ी संख्या में निकलकर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लीजिए. नौकरी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए, अपने लोकतंत्र, संविधान व वोट के अधिकार की रक्षा के लिए वोट कीजिए."

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बिहार के मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है. उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "बिहार के हर एक मतदाता से अपील है कि वे अपने सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए अपना वोट डालने जरूर जाए. लोकतंत्र में वोट की शक्ति सर्वोपरि होती है, इसलिए अपना वोट डालिए और अपनी शक्ति पहचानिए." इससे पहले, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार रात बिहार की जनता के नाम वीडियो संदेश जारी किया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मतदान का दिन नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य की दिशा तय करने का दिन है. यह भी पढ़ें : Bihar Election Phase 1 Voting: बिहार चुनाव में सम्राट चौधरी, तेजस्वी यादव समेत नेताओं ने मतदाताओं से की अपील, बढ़-चढ़ करें मतदान

उन्होंने कहा, "आपमें से कई पहली बार वोट डालने जा रहे हैं. यह सिर्फ आपका अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. आपने देखा, हरियाणा में किस तरह भयंकर वोट चोरी का खेल खेला गया. महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हर जगह इन लोगों ने जनता की आवाज दबाने की कोशिश की. अब इनकी नजर बिहार पर है, आपके वोट पर, आपके भविष्य पर. बड़ी संख्या में अपने मतदान केंद्र पहुंचिए, महागठबंधन के अपने प्रत्याशी को वोट दीजिए." बिहार में 18 जिलों की 121 सीटों पर पहले चरण में मतदान जारी है. इन 18 जिलों में खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय और बक्सर शामिल हैं.

पहले चरण की 121 सीटों में कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1192 पुरुष और 122 महिला उम्मीदवार हैं. चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण के विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3,75,13,302 मतदाता हैं, जिनमें 1,98,35,325 पुरुष, 1,76,77,219 महिलाएं और 758 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं. सामान्य मतदान केंद्रों पर मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा. हालांकि, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थित छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 06, 2025 09:25 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).