Bihar Violence: रामनवमी जुलूस पर सासाराम के बाद अब नालंदा में हिंसा, दोनों शहरों में सांप्रदायिक तनाव
बिहार के रोहतास और नालंदा जिले के मुख्यालय क्रमश: सासाराम और बिहार शरीफ में राम नवमी के आयोजन के दौरान उत्पन्न तनाव के मद्देनजर शुक्रवार को दोनों शहरों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई.
पटना/सासाराम/बिहार शरीफ, 31 मार्च: बिहार के रोहतास और नालंदा जिले के मुख्यालय क्रमश: सासाराम और बिहार शरीफ में राम नवमी के आयोजन के दौरान उत्पन्न तनाव के मद्देनजर शुक्रवार को दोनों शहरों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई.
सासाराम में रविवार को प्रस्तावित एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी शामिल होना है. वहीं, शुक्रवार दोपहर को सासाराम के सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मनोज कुमार ने बृहस्पतिवार शाम को हुई झड़पों की पुनावृत्ति को रोकने के लिए धारा-144 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी. Delhi: भगवा ध्वज का अपमान करने वाला युवक गिरफ्तार, मस्जिद के पास नमाज के बाद बनाया वीडियो
एसडीएम ने बताया, ‘‘शाह जलाल पीर, सोना पट्टी, कादिर गंज और नवरत्न पीर जैसे इलाकों में आक्रोशित भीड़ ने कई दुकानों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया था और पत्थरबाजी की थी जिसमें दो पुलिस कर्मियों सहित कई लोग घायल हुए हैं.’’
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षाकर्मियों की भारी तैनाती की गई है और उप महानिरीक्षक नवीन चंद्र झा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार स्वयं प्रभावित इलाकों में गश्त कर रहे हैं और लोगों से शांति की अपील कर रहे हैं.
शाह के कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में डेरा डाले स्थानीय भाजपा सांसद छेदी पासवान ने कहा, ‘‘हम राहत महसूस कर रहे हैं कि स्थिति नियंत्रण में है. हालांकि, प्रशासन को और सतर्क रहना चाहिए था और सक्रिय कार्रवाई करनी चाहिए थी, बजाय कि स्थिति नियंत्रण से निकलने का इंतजार करें.’’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के बिहार शरीफ में भी गगन दीवान, मंसूर नगर और नबी नगर में झड़पें होने के बाद धारा-144 लागू कर दी गई है. यहां हुई झड़पों में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं और कई दुकानों तथा वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया है.
नालंदा के जिलाधिकारी शशांक सुभांकर ने कहा,‘‘हम लोगों से संयम बरतने की अपील करते हैं. हम उपद्रवियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रहे हैं.’’
इस बीच, राज्य पुलिस मुख्यालय ने बयान जारी कर उन मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है जिसमें कहा गया था कि भीड़ द्वारा गोली भी चलाई गई है. पुलिस ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रख रही है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 31, 2023 11:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

