Jasmin Bhasin Hospitalised: दुबई में बर्थडे सेलिब्रेशन के बीच अचानक बिगड़ी जैस्मिन भसीन की तबीयत, बॉयफ्रेंड अली गोनी ने अस्पताल से साझा किया इमोशनल पोस्ट
टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री जैस्मिन भसीन को उनके जन्मदिन की छुट्टियों के दौरान दुबई के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. जैस्मिन को एक गंभीर संक्रमण हो गया है, जिसके बाद उनके बॉयफ्रेंड और अभिनेता अली गोनी ने सोशल मीडिया पर अस्पताल से तस्वीरें साझा करते हुए भावुक नोट लिखा और प्रशंसकों से उनके जल्द ठीक होने की दुआ मांगी.
- Read in
- English
मुंबई/दुबई: टीवी इंडस्ट्री के पसंदीदा कप्लस में से एक जैस्मिन भसीन (Jasmin Bhasin) और अली गोनी (Aly Goni) के लिए इस साल का बर्थडे ट्रिप काफी तनावपूर्ण साबित हो रहा है. अभिनेत्री जैस्मिन भसीन अपने जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए बॉयफ्रेंड अली गोनी के साथ दुबई गई थीं, लेकिन वहां अचानक एक गंभीर संक्रमण (Serious Infection) की चपेट में आने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. अली गोनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अस्पताल के कमरे से जैस्मिन की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए इस बात की जानकारी दी. उन्होंने एक बेहद भावुक पोस्ट लिखकर अपनी लेडीलव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. यह भी पढ़ें: Jennifer Winget: कौन हैं जेनिफर विंगेट? जो सिंगापुर के बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ दूसरी शादी को लेकर हैं चर्चा में, जानें एक्ट्रेस के बारे में सबकुछ
"बर्थडे की यादें बनाने आए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था"
अभिनेता अली गोनी ने इंस्टाग्राम पर जैस्मिन के साथ दो तस्वीरें और एक वीडियो पोस्ट किया है. पहली तस्वीर में अली अस्पताल के बेड पर लेटी जैस्मिन को गले लगाते हुए ढाढस बंधा रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में जैस्मिन व्हीलचेयर पर बैठी हुई नजर आ रही हैं. इसके साथ ही उन्होंने एक छोटा वीडियो भी साझा किया है, जिसमें जैस्मिन बीमारी की हालत में भी हिम्मत जुटाकर अस्पताल के कमरे में ही अपना बर्थडे केक काटती दिख रही हैं.
अली ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "हैप्पी हैप्पी बर्थडे जैस्मिन. हम यहां तुम्हारा जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन जिंदगी की कुछ और ही योजनाएं थीं. जन्मदिन की खूबसूरत यादें बनाने की जगह, आज हम अस्पताल के कमरे में हैं. तुम्हें इस तरह तकलीफ में देखना इस पूरे सफर का सबसे मुश्किल हिस्सा रहा है. तुम्हें फिर से स्वस्थ और मुस्कुराते हुए देखने के लिए मैं किसी भी जश्न को छोड़ने को तैयार हूं." अली ने आगे लिखा कि अल्लाह तुम्हें अच्छी सेहत, खुशियां और कामयाबी दे, आज मेरे दिल में बस यही एक दुआ है.
अली गोनी ने बताया कि जैस्मिन भसीन को उनके जन्मदिन पर अस्पताल में भर्ती कराया गया
View this post on Instagram
गंभीर इन्फेक्शन के कारण पिछले कुछ दिन रहे काफी मुश्किल
प्रशंसकों और दोस्तों की चिंता बढ़ती देख अली गोनी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक और विस्तृत हेल्थ अपडेट साझा किया. उन्होंने लिखा, "मैसेज और कॉल करने वाले सभी लोगों का प्यार और दुआओं के लिए शुक्रिया. जैस्मिन अचानक बहुत ज्यादा बीमार पड़ गईं और गंभीर संक्रमण के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. हमारे लिए पिछले कुछ दिन बेहद मुश्किल और भावुक कर देने वाले रहे हैं."
अली ने प्रशंसकों से माफी मांगते हुए कहा कि वे फिलहाल किसी का फोन या मैसेज का जवाब नहीं दे पा रहे हैं, क्योंकि उनका पूरा ध्यान जैस्मिन की देखभाल पर है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैस्मिन को बेहतरीन मेडिकल केयर मिल रही है और वह धीरे-धीरे ठीक (Recover) हो रही हैं.
शादी की खबरों पर अली गोनी ने ट्रोल्स को दिया करारा जवाब
इस बीच, सोशल मीडिया पर लगातार कपल की शादी को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, जिस पर अली गोनी ने कुछ समय पहले ही तीखी प्रतिक्रिया दी थी. इंस्टाग्राम पर लोगों द्वारा लगातार शादी की तारीख पूछे जाने पर अली ने मजाकिया लेकिन सख्त लहजे में लिखा था, "जब शादी करनी होगी, मैं खुद सबको बता दूंगा. मेरे रिश्तेदार भी मेरे पीछे इतने नहीं पड़े हैं, जितना यहां इंस्टाग्राम पर लोग पड़े रहते हैं. अपना-अपना काम करो, खुश रहो और दूसरों को भी रहने दो."
जैस्मिन भसीन और अली गोनी की मुलाकात साल 2018 में रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 9' के दौरान हुई थी, जहां दोनों अच्छे दोस्त बने थे. इसके बाद साल 2020 में 'बिग बॉस 14' के घर के भीतर दोनों को एक-दूसरे के लिए अपने प्यार का एहसास हुआ और तब से वे लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं. जैस्मिन के अचानक अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही टीवी इंडस्ट्री के उनके तमाम दोस्तों, जिनमें रुबीना दिलैक, दिव्यांका त्रिपाठी और रूहानिका धवन शामिल हैं, ने उनके जल्द ठीक होने के लिए मैसेजेस भेजे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 29, 2026 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

