मनोरंजन

Sandalwood Drug Scandal: कन्नड़ एक्ट्रेस रागिनी द्विवेदी को CCB ने लिया हिरासत में, ड्रग्स मामले में घर पर हुई थी छापेमारी

कन्नड़ फिल्म उद्योग के कलाकारों और गायकों द्वारा मादक पदार्थ के कथित सेवन और कारोबार की जांच कर रही बेंगलुरु की केंद्रीय अपराध शाखा ने अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी के आवास पर शुक्रवार सुबह छापेमारी की.

Sandalwood Drug Scandal: कन्नड़ एक्ट्रेस रागिनी द्विवेदी को CCB ने लिया हिरासत में, ड्रग्स मामले में घर पर हुई थी छापेमारी
एक्ट्रेस रागिनी के घर छापेमारी (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरु, 4 सितंबर कन्नड़ फिल्म उद्योग के कलाकारों और गायकों द्वारा मादक पदार्थ के कथित सेवन और कारोबार की जांच कर रही बेंगलुरु की केंद्रीय अपराध शाखा ने अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी को हिरासत में ले लिया है. आज सुबह सीसीबी की टीम ने उनके आवास पर छापेमारी की. एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘सीसीबी ने अदालत से इस संबंध में तलाश वारंट हासिल किया.’’ पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसीबी का एक दल सुबह छह बजे द्विवेदी के आवास पर पहुंचा.

सीसीबी ने बुधवार को अभिनेत्री को नोटिस जारी करके पेश होने को कहा था लेकिन द्विवेदी ने वकीलों की एक टीम भेजकर सोमवार तक का समय मांगा था. पुलिस ने इसके बाद अभिनेत्री को निर्देश दिया था कि वह शुक्रवार को उनके समक्ष उपस्थित हो जाएं. सीसीबी के सूत्रों ने बताया कि अभिनेत्री सुबह 10 बजे अधिकारियों के समक्ष पेश होंगी.

यह भी पढ़े : Coronavirus Update: पंजाब में चार और विधायक पाए गए कोरोना वायरस पॉजिटिव, राज्य में अब तक महामारी के कारण एक हजार 618 लोगों की हुई मौत..

इसी बीच पुलिस ने बताया कि उन्होंने रवि नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसकी कन्नड़ फिल्म उद्योग में काफी पैठ है. रवि को मादक पदार्थ के मामले में गिरफ्तार किया गया है और एक अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने बेंगलुरु से तीन लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन पर कन्नड़ फिल्म उद्योग (कन्नड़ फिल्म उद्योग को ‘सैंडलवुड’ भी कहा जाता है) के गायकों और कलाकारों को मादक पदार्थ की आपूर्ति करने का आरोप है. जिसके बाद सीसीबी ने इस मामले में गहन जांच शुरू कर दी थी.

फिल्मनिर्माता और पत्रकार इंद्रजीत लंकेश ने सैंडलवुड में मादक पदार्थ के इस्तेमाल को लेकर सीसीबी के पास अपना बयान दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि यहां के फिल्म उद्योग के कम से कम 15 लोग मादक पदार्थ से जुड़े कारोबार में शामिल हैं.

द्विवेदी का जन्म बेंगलुरु में हुआ है जबकि उनके परिवार का ताल्लुक हरियाणा के रेवाड़ी से है. वह 2009 में ‘वीरा मदाकरी’ फिल्म से सैंडलवुड में आईं थीं. वहीं उन्हें केम्पे गौड़ा, रागिनी आईपीएस, बंगारी और शिवा जैसी फिल्मों से प्रसिद्धी मिली.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

 

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 04, 2020 09:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).