Sourav Ganguly Biopic: करण जौहर बनाएंगे दादा पर फिल्म, लीड एक्टर की तलाश शुरू
बॉलीवुड की लेटेस्ट गॉसिप के मुताबिक, फिल्ममेकर करण जौहर (Karan Johar) पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) की ज़िंदगी पर फिल्म बना सकते हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों ने फिल्म के लीड एक्टर की तलाश भी शुरू कर दी है.
Sourav Ganguly Biopic: बॉलीवुड में इन दिनों बायोपिक का दौर चला है. अक्सर नए-नए खिलाड़ियों के बायोपिक का ऐलान होता रहता है. अब इस लिस्ट में दादा यानि सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) का नाम भी जुड़ चुका है. इन दिनों यह चर्चा चल रही है कि पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की ज़िंदगी अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी और यह फिल्म करण जौहर (Karan Johar) बनाएंगे. अगर यह खबर सच निकली तो क्रिकेट और बॉलीवुड दोनों के फैंस के लिए यह गुड न्यूज़ से कम नहीं होगी.
आपको बता दें कि इसके पहले महेंद्र सिंह धोनी, पान सिंह तोमर, मिल्खा सिंह, मैरी कॉम, मोहम्मद अजहरूद्दीन पर फिल्में बनाई जा चुकी हैं तो वहीं साइना नेहवाल और अभिनव बिंद्रा की बायोपिक भी रिलीज़ होने वाली है.
सौरव गांगुली की बायोपिक की बात करें तो अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के सिलसिले में करण जौहर और सौरव गांगुली की मुलाकात भी हो चुकी है. खबर यह भी है कि दोनों ने फिल्म के लीड एक्टर की तलाश भी शुरू कर दी है.
यह भी पढ़े: धोनी ने बाथरूम में उठाया किशोर कुमार के इस गाने का लुत्फ, पार्थिव-पीयूष भी थे साथ-VIDEO
डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक, एक टॉक शो के दौरान सौरव से पूछा गया था कि अगर उन पर फिल्म बनाई जाती है तो वह किसे लीड रोल में देखना पसंद करेंगे. इस पर दादा ने कहा था- ''ऋतिक रोशन, मैं उन्हें बहुत पसंद करता हूं.''
दादा के फैंस अब इस फिल्म के लीड एक्टर का नाम जानने के लिए काफी एक्साइटेड होंगे. आपको क्या लगता है कि इस फिल्म के लिए कौन सा एक्टर परफेक्ट होगा ? फिलहाल तो हम बस ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतज़ार ही कर सकते हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 24, 2020 01:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

