मैसुरु (कर्नाटक), 10 जुलाई मैसुरु जिले के टी नरसीपुरा में ‘हनुमान जयंती’ शोभायात्रा के दौरान युवाओं के दो समूहों के बीच झड़प के बाद ‘युवा ब्रिगेड’ के एक सदस्य की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक की शिनाख्त टी नरसीपुरा के श्रीरामपुरा कॉलोनी के निवासी वेणुगोपाल नायक (32) के रूप में की गयी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार को शोभायात्रा के दौरान किसी मामूली बात को लेकर युवकों के दो समूहों के बीच झड़प हुई थी। इस घटना के बाद रविवार रात नायक पर कथित रूप से कांच की एक टूटी बोतल से वार कर हत्या कर दी गयी।
इस घटना में कोई धार्मिक पहलू होने से इनकार करते हुए पुलिस अधीक्षक सीमा लाटकर ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्किंग के मुद्दे पर और जुलूस के दौरान बैनर लगाने को लेकर दो समूहों के बीच कहासुनी हुई, जो एक ही इलाके से हैं।
लाटकर ने कहा कि मामले में कुल छह आरोपी हैं और उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। ‘युवा ब्रिगेड’ के प्रमुख एवं हिंदुत्व के समर्थक चक्रवर्ती सुलीबेले ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समर्थकों ने नायक की बर्बर तरीके से हत्या कर दी।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सिद्दरमैया 2.0 अपनी पहुंच का विस्तार कर रहे हैं। हमने कल अपने एक स्वयंसेवक को महज इसलिए खो दिया कि वह हनुमान जयंती का सक्रिय आयोजक था। कांग्रेस के समर्थकों ने उसकी बर्बर तरीके से हत्या कर दी...कर्नाटक जल रहा है...एक और पश्चिम बंगाल जल्द ही देखने को मिलेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY