नयी दिल्ली, आठ फरवरी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र (वीएसपी) के निजीकरण की सरकार की योजना का लोकसभा में विरोध किया। पार्टी ने कहा कि प्रदेश सरकार आंध्र प्रदेश के विकास के लिये केंद्र के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।
गौरतलब है कि आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने 27 जनवरी को राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड या विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र (वीएसपी) के निजीकरण को सिद्धांत रूप में मंजूरी दी थी।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए वाईएसआरसीपी के मिथुन रेड्डी ने कहा कि वीएसपी में 20 हजार अनुबंध श्रमिक कार्यरत हैं और आंध्र प्रदेश के लोगों के लिये यह भावनात्मक विषय है।
उन्होंने कहा कि कंपनी का रिण भार 22 हजार करोड़ रूपये है जबकि कंपनी के तहत भूमि पार्सल का बाजार मूल्य 1 लाख करोड़ रूपये है।
रेड्डी ने कहा कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन कानून को पूरी तरह लागू किया जाए और आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिया जाए।
उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री राज्य को आगे बढ़ाने के लिये अथक परिश्रम कर रहे हैं और इसमें केंद्र की मदद की जरूरत है।
दीपक वैभव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY