चंडीगढ़, 25 अप्रैल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि खाप पंचायतें युवाओं को नशे की लत से छुटकारा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं, जिसका पूरे समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार युवाओं को नशे की लत से छुटकारा दिलवाने के लिए खाप पंचायतों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
साइक्लोथॉन कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाने के बाद जींद में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में हरियाणा के खाप प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सैनी ने उनसे युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभियान चलाने और हरियाणा को नशा मुक्त राज्य बनाने के लक्ष्य का समर्थन करने का आग्रह किया।
सैनी ने कहा, ‘‘हमें अपने युवाओं को नशे की लत के हानिकारक प्रभावों से बचाना होगा। खेलों में अधिक से अधिक युवाओं को शामिल करना बहुत जरूरी है, ताकि वे ज्यादा से ज्यादा पदक जीत सकें और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन कर सकें।’’
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ बातचीत के दौरान खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।
इससे पहले सैनी ने नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प के तहत जींद से राज्य स्तरीय ‘नशा मुक्त हरियाणा साइक्लोथॉन 2.0’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सैनी ने इस मौके पर कहा कि खाप पंचायतों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों के एकजुट प्रयासों से नशे के खिलाफ लड़ाई जीती जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य नशा मुक्त, स्वस्थ और सशक्त हरियाणा का निर्माण करना है। यह साइकिल रैली नशे की बुराई से लड़ने, जागरूकता बढ़ाने और एकता के माध्यम से नशे की लत को खत्म करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY