नयी दिल्ली, 30 मार्च म्यांमा में आए भूकंप में घायल हुए हजारों लोगों की तत्काल स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने नेपीता और मांडले के अस्पतालों को लगभग तीन टन चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई है। ये दोनों शहर भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
डब्ल्यूएचओ ने एक बयान में कहा कि ट्रॉमा किट और बहुउद्देशीय टेंट सहित अन्य सामग्री पहले ही नेपीता के 1,000 बिस्तरों वाले अस्पताल में पहुंच चुकी है और जल्द ही मांडले जनरल अस्पताल में पहुंच जाएगी- जो इन क्षेत्रों में घायलों का इलाज करने वाली दो मुख्य सुविधाएं हैं।
बयान में कहा गया है कि ये सामग्री शुक्रवार को मध्य म्यांमा में आए 7.7 और 6.4 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों के 24 घंटे के भीतर यांगून स्थित डब्ल्यूएचओ के आपातकालीन भंडार से पहुंचाई गईं।
म्यांमा में मबचाव कार्य जारी है। बागो, मैगवे, मांडले, नेपीता, शान साउथ और ईस्ट तथा सागाइंग उन शहरों और कस्बों में शामिल हैं, जो भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
डब्ल्यूएचओ के मुताबिक अस्पताल मरीजों से भरे पड़े हैं, हजारों घायलों को चिकित्सा देखभाल की ज़रूरत है। ट्रॉमा और सर्जिकल देखभाल, रक्त आधान आपूर्ति, एनेस्थेटिक्स, आवश्यक दवाएं, सामूहिक दुर्घटना प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य आदि की बहुत ज़रूरत है।
विश्व निकाय ने बताया कि अस्पतालों तक पहुंचाए जा रहे बहुउद्देशीय तंबू घायलों की बढ़ती संख्या के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराते हैं, जबकि ट्रॉमा किट गंभीर घावों और फ्रैक्चर का इलाज करते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन सोमवार को सुबह अंतर-एजेंसी आपातकालीन स्वास्थ्य किटों की दूसरी खेप भेजने की तैयारी कर रहा है, जिनमें से प्रत्येक में तीन महीने तक 10,000 लोगों के उपचार की जरूरी सामग्री होगी।
एजेंसी प्रभावित क्षेत्रों के अस्पतालों में तैनात त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को परिचालन सहायता प्रदान कर रही है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन और उसके साझेदारों द्वारा त्वरित जरूरतों का आकलन किया जा रहा है, ताकि कमियों को दूर किया जा सके।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY