मुंबई, 19 सितंबर महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने मंगलवार को कहा कि महिला आरक्षण विधेयक भाजपा नीत केंद्र सरकार का एक और ‘जुमला’ (झूठा वादा) है क्योंकि यह 2024 के लोकसभा चुनाव के समय प्रभाव में नहीं आयेगा। हालांकि, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस विधेयक का स्वागत किया।
कांग्रेस नेता वडेट्टीवार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के नये भवन में एक और ‘जुमला’ दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ महिला आरक्षण विधेयक दशकीय जनगणना पूरी हो जाने के बाद ही प्रभाव में आयेगा। जनगणना को 2021 में पूरा किया जाना था, लेकिन यह अब तक शुरू भी नहीं हुई है।’’
उन्होंने यह दावा भी किया कि विधानसभाओं और संसद में महिलाओं के लिए सीट आरक्षित करने वाला विधेयक सबसे पहले कांग्रेस ने सदन में पेश किया था।
वडेट्टीवार ने कहा, ‘‘मोदी ने नये संसद भवन के पहले ही दिन देश में महिलाओं को गुमराह किया है।’
अन्यत्र पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि वह ‘प्रधानमंत्री मोदी के फैसले का स्वागत करते हैं।’’
भाजपा नेता फडणवीस ने कहा, ‘‘ मुझे पक्का यकीन है कि यह विधेयक दोनों ही सदनों से पारित हो जाएगा तथा हम विधानसभा और लोकसभा में और महिला प्रतिनिधियों को देखेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY