देश की खबरें | महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाजपा नेता की आत्महत्या के मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग की

गुवाहाटी, 18 अगस्त असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की चार वरिष्ठ महिला नेताओं ने शुक्रवार को मांग की है कि पुलिस पिछले सप्ताह राज्य भाजपा किसान मोर्चा की एक महिला सदस्य की कथित आत्महत्या में शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।

इस संबंध में एपीसीसी उपाध्यक्ष प्रणती फुकन और बोबीता शर्मा, महासचिव रोसेलिना तिर्की और विधायक नंदिता दास ने व्यक्तिगत रूप से पुलिस आयुक्त दिगंत बराह को एक ज्ञापन सौंपा।

भाजपा किसान मोर्चा नेता की पार्टी के एक अन्य नेता के साथ अंतरंग तस्वीरें सामने आने के बाद 11 अगस्त को उन्होंने गुवाहाटी स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली गई।

नेताओं ने एक ज्ञापन में कहा, “सोशल मीडिया में तस्वीरों का लीक होना और फोन कॉल के माध्यम से सामने आई उसकी आत्महत्या की परिस्थितियां (सोशल मीडिया के माध्यम से भी लीक हुई) यह बताती हैं कि कैसे सोशल मीडिया का इस्तेमाल एक उपकरण के रूप में किया जा रहा है ताकि किसी व्यक्ति को आत्महत्या जैसा चरम कदम उठाने के लिए मजबूर किया जा सके।”

उन्होंने आरोप लगाया कि महिला भाजपा नेता की मौत के पीछे नौकरी के बदले नकदी घोटाला था।

ज्ञापन में कहा गया, “सरकारी नौकरियों के लिए नकदी लेने में कथित रूप से शामिल व्यक्तियों ने स्वयं अपनी संलिप्तता का खुलासा किया है, जिसकी जानकारी पुलिस को पहले से ही है और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप में मामला दर्ज किया जाना चाहिए।”

कथित आत्महत्या मामले में नाम आने के बाद सत्तारूढ़ भाजपा ने 12 अगस्त को नेता को पार्टी की सदस्यता से निष्कासित कर दिया था। नेता को गिरफ्तार भी किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)