संबलपुर (ओडिशा), एक सितंबर ओडिशा के बालासोर जिले में एक आदिवासी लड़की से बलात्कार व हत्या का मामला सामने आने के बाद, पुलिस ने रविवार को संबलपुर जिले में 24 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया।
शव जिले के नाकटीदेउला इलाके के एक जंगल में मिला।
महिला के परिवार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार वह अपने गांव के पास एक झरने में स्नान करने के बाद शुक्रवार से लापता थी।
ग्रामीणों ने झरने के पास एक धान के खेत में उसके सैंडल, मोबाइल फोन और कपड़े मिलने की सूचना दी थी।
इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया और नाकटीदेउला को अंगुल रोड से जोड़ने वाले राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया।
महिला के परिवार के सदस्यों ने कहा, “उससे बलात्कार किया गया और हत्या कर दी गई।”
उन्होंने पुलिस पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के दो दिन बाद भी उसका पता लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
पुलिस ने बताया कि उसने एक स्थानीय युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY