देश की खबरें | महाराष्ट्र के मंत्री मुंडे के खिलाफ महिला ने शिकायत वापस ली

मुंबई, 22 जनवरी महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली मुंबई की महिला ने पुलिस में दर्ज कराई अपनी शिकायत वापस ले ली है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने जांच करने वाले अधिकारी से कहा है कि वह मुंडे के खिलाफ अपनी शिकायत वापस ले रही है, हालांकि महिला ने यह नहीं बताया कि उसके इस फैसले के पीछे वजह क्या है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला से इस संबंध में नोटरी द्वारा प्रमाणित हलफनामा देने को कहा है।

महिला ने सामाजिक न्याय मंत्री मुंडे (45) पर आरोप लगाया था कि उन्होंने 2006 में शादी करने का वादा करके उनका बलात्कार और यौन उत्पीड़न किया। महिला ने इस बाबत 11 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और महिला अपने बयान दर्ज करवाने के लिए ओशीवारा पुलिस थाने भी गई।

बीड जिले से वरिष्ठ राकांपा नेता मुंडे ने इन आरोपों से इनकार किया और इन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास बताया।

हालांकि मंत्री ने यह स्वीकार किया कि शिकायतकर्ता महिला की बहन से उनके संबंध थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)