देश की खबरें | श्रमिक स्पेशल ट्रेन में प्रसव पीड़ा के बाद महिला ने ओडिशा के अस्पताल में दिया बच्ची को जन्म
जियो

भुवनेश्वर, 20 जून ओडिशा जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन में सवार 23 वर्षीय महिला को अपने गंतव्य स्थान, बोलांगीर जिले के तितलागढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया।

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन में सवार रेलकर्मियों ने महिला यात्री को प्रसव पीड़ा होने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद पूर्वी तटीय रेलवे अस्पताल से एक डॉक्टर की अगुवाई में चिकित्सा टीम को शुक्रवार को एंबुलेंस में रेलवे स्टेशन भेजा गया।

यह भी पढ़े | कोविड-19 के मरीजों के इलाज को लेकर BMC की बड़ी तैयारी, मुंबई में बनाया 1 हजार बेड़ों वाला कोरोना विशेष अस्पताल, जून के अंत तक होगा चालू.

अधिकारी ने बताया कि तिरुपति-नवापड़ा रोड श्रमिक स्पेशल ट्रेन में सवार महिला की मदद के लिए चिकित्साकर्मी तुरंत पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि तितलागढ़ थानांतर्गत घंटबहाली गांव की रहने वाली पिंकी छातर ने शुक्रवार को अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 14,048 सैंपल की जांच: 20 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अधिकारी ने बताया कि पूर्वी तटीय रेलवे के तहत किसी श्रमिक ट्रेन में किसी प्रवासी महिला का प्रसव पीड़ा के बाद बच्चे को जन्म देने का यह छठा मामला है।

इससे पहले 24 मई को, विभिन्न श्रमिक स्पेशल रेलगाड़ियों में सफर कर रहीं दो महिलाओं ने राज्य के झारसुगुड़ा और तितलागढ़ के अस्पतालों में बच्चों को जन्म दिया था।

ओडिशा की ही 35 वर्षीय एक महिला ने 22 मई को सिकंदराबाद-बोलांगीर श्रमिक स्पेशल ट्रेन में एक बच्चे को जन्म दिया था।

पूर्वी तटीय रेलवे ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में जन्म लेने वाले बच्चों को नकद या अन्य स्वरूप में उपहार दिए जाएंगे।

हालांकि, छातर की बच्ची इस उपहार की पात्र नहीं होगी क्योंकि उसका जन्म अस्पताल में हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)