Gurugram: क्रिकेटर युवराज सिंह की मां से फिरौती मांगने की कोशिश करने वाली महिला गिरफ्तार
भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के परिवार को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उनकी मां से पैसे ऐंठने की कोशिश करने के आरोप में मंगलवार को एक महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी.
गुरुग्राम, 25 जुलाई: भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के परिवार को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उनकी मां से पैसे ऐंठने की कोशिश करने के आरोप में मंगलवार को एक महिला को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला युवराज के भाई की देखभाल करती थी. यह भी पढ़ें: World Cup 2023: भारत-पाकिस्तान मुक़ाबले को लेकर बड़ी खबर, बदल सकती है मैच की तारीख, जानें पूरा मामला
युवराज सिंह की मां शबनम सिंह की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार परिवार ने 2022 में युवराज सिंह के भाई जोरावर सिंह की देखभाल के लिए हेमा कौशिक नामक एक महिला को काम पर रखा था. जोरावर सिंह पिछले कई वर्षों से अवसाद का शिकार थे.
हालांकि, पुलिस शिकायत में कहा गया है कि महिला को 'पेशेवर नहीं होने' के कारण 20 दिनों के बाद ही काम से निकाल दिया गया. हेमा कौशिक ने मई में, उन्हें झूठे मामले में फंसाने और परिवार को बदनाम करने की धमकी देकर व्हाट्सएप कॉल करना और संदेश भेजना शुरू कर दिया तथा उनसे 40 लाख रुपये की मांग की.
गुरुग्राम पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपी महिला को युवराज सिंह की मां से पांच लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया. गुरुग्राम के पुलिस उपायुक्त नीतीश अग्रवाल ने कहा, ‘‘ हम आरोपी महिला से पूछताछ कर रहे हैं. ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2023 10:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

