खेल की खबरें | औकिब नबी के पांच विकेट से जम्मू कश्मीर ने केरल पर कसा शिकंजा

पुणे, नौ फरवरी तेज गेंदबाज औकिब नबी ने बल्ले से उपयोगी योगदान देने के बाद पांच विकेट चटकाये जिससे रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन रविवार को केरल के खिलाफ जम्मू-कश्मीर पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल करने के करीब है।

जम्मू कश्मीर के 280 रन के जवाब में केरल ने दिन का खेल खत्म होने तक नौ विकेट पर 200 रन बना लिये थे। टीम अब भी पहली पारी के आधार पर 80 रन पीछे है और उसका सिर्फ एक विकेट बचा है।

जम्मू कश्मीर ने दिन की शुरुआत आठ विकेट पर 228 रन से की और नबी की 30 गेंदों में 32 रन की उपयोगी पारी और उमर नजीर मीर के नाबाद 14 रन की बदौलत अपने कुल स्कोर में 52 रन जोड़कर अच्छा प्रदर्शन किया।

  नबी के चार शिकार केरल के शीर्ष और मध्य क्रम के जाने-माने बल्लेबाज थे, जिससे उनका प्रयास बहुत खास हो गया। 28 साल के नबी ने दिन का अंत 19 ओवरों में 36 रन पर पांच विकेट के शानदार आंकड़े के साथ किया। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका आठवां पांच विकेट है।

केरल के लिए अनुभवी जलज सक्सेना ने 78 गेंदों पर 67 रन की पारी खेलकर शीर्ष स्कोर बनाया, जबकि दिन का खेल समाप्त होने तक सलमान निजार 49 रन बनाकर नाबाद थे। सक्सेना और निजार ने चौथे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की।

 सक्सेना ने मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए छह चौके और तीन छक्के लगाए, वहीं निजार ने 75 गेंदों की अपनी पारी में आठ चौके जड़े। टीम को निचले क्रम में एमडी निधिश ने भी 36 गेंद में 30 रन का योगदान दिया।

निधिन ने इससे पहले गेंद से कमाल करते हुए 27 ओवर में 75 रन पर छह विकेट झटके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)