मुंबई, दो जून महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के सहयोगियों के बीच 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे की व्यवस्था में ‘जीतने की क्षमता’ एक महत्वपूर्ण कारक होगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने शुक्रवार को यह बात कही।
चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय संगठन है और पार्टी कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर फैसला करेगी कि वह राज्य में कितनी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है ।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तिलक भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एमवीए सहयोगियों.. कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना (यूबीटी) के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत सकारात्मक माहौल में होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि मौजूदा राजनीतिक स्थिति के अनुसार और सकारात्मक माहौल में सीटों के बंटवारे पर बातचीत हो।”
लोकसभा सीटों के लिहाज से उत्तर प्रदेश के बाद देश में दूसरे सबसे बड़े राज्य महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटों का जायजा लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस की दो दिवसीय बैठक शुक्रवार को मुंबई में शुरू हुई और चव्हाण ने कहा कि पार्टी इन सीटों पर अपनी स्थिति की समीक्षा करेगी।
उन्होंने कहा, “हम सभी 48 लोकसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति की समीक्षा करेंगे, इन निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं से बात करेंगे और अपनी जीत की संभावना का आकलन करेंगे।”
कांग्रेस ने 2019 के आम चुनावों में महाराष्ट्र में सिर्फ एक चंद्रपुर लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। इस सप्ताह के शुरू में सांसद सुरेश उर्फ बालू धानोरकर के निधन के बाद यह सीट अब खाली हो गई है।
चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक जो तीन- चार बार से लगातार अपनी विधानसभा सीटें जीत रहे हैं, उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए टिकट देने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने लंबे समय से लंबित स्थानीय निकाय चुनाव नहीं कराने के लिए राज्य में शिवसेना-भाजपा सरकार की आलोचना की।
पूर्ववर्ती एमवीए सरकार में मंत्री रहे कांग्रेस नेता चव्हाण ने कहा, “सरकार स्थानीय निकाय चुनाव कराने के अपने संवैधानिक दायित्व को पूरा नहीं कर रही है।”
सवालों के जवाब में चव्हाण ने कहा कि मौजूदा सांसदों के निधन के कारण खाली हुई चंद्रपुर और पुणे लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होने की संभावना नहीं है (जाहिर तौर पर इसलिए क्योंकि नए संसदीय चुनावों के लिए एक साल से भी कम समय बचा है)।
उन्होंने कहा कि पार्टी की बैठक के पहले दिन 24 लोकसभा क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 2024 के उत्तरार्ध में होने हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY