देश की खबरें | केन्द्र सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम करेंगे: बैरवा

जयपुर, 15 दिसंबर राजस्थान के नये उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य की नई सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम करेगी।

यहां सचिवालय में उपमुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में बैरवा ने कहा,‘‘निवर्तमान कांग्रेस सरकार चाहती ही नहीं थी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो काम कर रहे हैं वो जनता तक पहुंचे और मोदी जी का नाम हो.. इसलिये उसने (केंद्र की) योजनाओं को जमीनी स्तर तक जाने ही नहीं दिया।’’

उन्होंने कहा,‘‘हम प्राथमिकता से उन योजनाओं को जमीनी स्तर पर अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम करेंगे।’’

पिछली कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद किए जाने की आशंकाओं के बारे में उन्होंने कहा,‘‘ योजनाओं का तो उन्होंने (कांग्रेस) ने केवल नाम बदला… योजनाएं तो हमारी भारतीय जनता पार्टी की थी।’’

मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर बैरवा ने कहा कि इसका निर्णय मुख्यमंत्री लेंगे।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर दलितों पर अत्याचार कर राजस्थान को बदनाम करने का काम करने का भी आरोप लगाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)