नयी दिल्ली/कोहिमा, 22 फरवरी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि 2024 में उनकी पार्टी सहयोगी दलों के साथ मिलकर ‘सामूहिक रूप से’ सरकार बनाएगी।
वह नयी दिल्ली में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।
खरगे ने इससे एक दिन पहले मंगलवार को नगालैंड में एक चुनावी सभा में कहा था कि 2024 में केंद्र में कांग्रेस नीत गठबंधन सरकार बनेगी।
खरगे ने बुधवार को विपक्षी एकजुटता की पैरवी करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस और हमारी दोस्त पार्टियां 2024 में मिलकर जरूर सरकार बनाएंगी। सबके सहयोग के साथ सरकार बनाएंगे, सामूहिक रूप से सरकार बनाएंगे।’’
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी बार-बार छाती ठोकते हैं...लोकतंत्र में जनता घमंडी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करती।’’
खरगे ने दावा किया कि बार-बार सोनिया गांधी और राहुल गांधी को इसलिए निशाना बनाया जाता है ताकि गांधी परिवार की छवि खराब हो और कांग्रेस कमजोर हो जाए।
खरगे ने मंगलवार को नगालैंड के दिमापुर में कहा था, ‘‘केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में आएगा। हम दूसरी पार्टियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा... अन्य सभी दल साथ आएंगे। हम संविधान और लोकतंत्र का अनुसरण करेंगे...चाहे 100 मोदी या शाह आ जाएं। यह भारत है और संविधान बहुत मजबूत है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह टिप्पणी ऐसे समय की जब विपक्षी एकजुटता की कवायद और संभावित नेतृत्व को लेकर लगातार चर्चा है और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों कांग्रेस से विपक्षी गठबंधन पर जल्द कदम उठाने की अपील की थी।
नीतीश कुमार ने गत शनिवार को कहा था कि कांग्रेस को 'भारत जोड़ो यात्रा' से बने माहौल का लाभ उठाते हुए भाजपा विरोधी दलों को एकजुट कर गठबंधन बनाना चाहिए और अगर ऐसा हो गया तो अभी 300 से ज्यादा सीट वाली भारतीय जनता पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाव में 100 से भी कम सीट पर समेटा जा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY