कोल्हापुर, छह जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोल्हापुर जिला अध्यक्ष समरजीत सिंह घाटगे ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह कागल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। कागल सीट का प्रतिनिधित्व इस समय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रकांपा) के नेता हसन मुशरिफ कर रहे हैं जो रविवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे।
घाटगे ने कागल में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस सीट पर चुनाव लड़कर और जीतकर वह भाजपा के प्रति अपनी वफादारी दिखाएंगे।
मुशरिफ, अजित पवार समेत राकांपा के आठ विधायकों के साथ दो जुलाई को एकनाथ शिंदे की सरकार में शामिल हुए थे।
भाजपा नेता ने कहा, ''रविवार को हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद मैंने अपने फोन को बंद कर दिया क्योंकि मैं परेशान था। बाद में, उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने मुझे मुंबई में मिलने के लिए कहा। मैं उनसे दो दिन बाद मिला और इस मुद्दे पर चर्चा की।''
घाटगे ने कहा, ‘‘मुझे कारण पता है कि यह सब क्यों हुआ है। मुझे पता है यह सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए हुआ है।'' घाटगे ने कहा कि वह विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बनाए जाने के लिए फडणवीस से नहीं मिले।
घाटगे ने कहा कि वह फडणवीस से मिलकर कुछ सवाल पूछना चाहते थे और वह ऐसा कर पाए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने उनसे संपर्क साधने की कोशिश की लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
भाजपा का गमछा पहने घाटगे ने कहा कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगे बल्कि कागल से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और रिकॉर्ड अंतर से जीतेंगे।
घाटगे ने कहा, ''मैं दिखाऊंगा कि पार्टी के लिए वफादारी क्या होती है।''
उन्होंने मुशरिफ के परोक्ष संदर्भ में कहा कि कोई पार्टी से जुड़ गया है, इसलिए वह पार्टी क्यों छोड़ें।
मुशरिफ, पश्चिमी महाराष्ट्र के दिग्गज नेता हैं। वह पिछले साल जून में गिरी महा विकास आघाड़ी सरकार में भी मंत्री थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY