नयी दिल्ली, 15 सितंबर अनुसंधानकर्ताओं ने एक रचनात्मक कार्य में मनुष्यों और चैटजीपीटी की प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण करने के बाद कहा है कि सर्वश्रेष्ठ और सर्वाधिक सृजनात्मक विचार मनुष्यों से आते हैं।
पत्रिका ‘साइंटिफिक रिपोर्ट्स’ में प्रकाशित अपने अध्ययन में अनुसंधानकर्ताओं ने, हालांकि यह भी कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित चैटबोट ने रचनात्मक सोच के मामले में औसत मनुष्य से अच्छा प्रदर्शन किया।
उन्होंने पाया कि मनुष्यों के विचार सबसे अच्छे से लेकर सबसे बुरे तक व्यापक रूप से विविध थे, वहीं एआई मॉडल के विचार औसत मानवीय रचनात्मक विचारों से लगातार बेहतर रहे।
अध्ययन के अनुसार, परिणाम में यह भी सामने आया कि रचनात्मक विचारों का सृजन करना सचेत मनुष्य के लिए अद्वितीय विशेषता नहीं हो सकती है।
अध्ययन के लिए, फिनलैंड और नॉर्वे के शोधकर्ताओं ने वैकल्पिक उपयोग परीक्षण (एयूटी) का उपयोग किया, जिसके तहत एआई-चैटबॉट चैटजीपीटी-3, चैटजीपीटी-4 और कॉपी.एआई सहित प्रतिभागियों को असामान्य और रचनात्मक उपयोगिताओं की कल्पना के लिए कहा गया। इसमें ‘रस्सी’, ‘बॉक्स’, ‘पेंसिल’ और ‘मोमबत्ती’ जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के लिए अजीब विचार शामिल रहे।
एयूटी भिन्न सोच का आकलन करने में व्यापक रूप से उपयोग किया जाने वाला तरीका है।
अध्ययन के सह लेखक सिमोन ग्रेसिनी ने एक ईमेल में ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘रोजमर्रा की रचनात्मकता को मापने के लिए विविधतापूर्ण सोच परीक्षण शायद सबसे व्यापक रूप से मान्यता प्राप्त साधन हैं। वे प्रतिभागियों को दृश्य या मौखिक रूप से प्रोत्साहित किये जाने की प्रतिक्रिया में विभिन्न प्रकार के विचार उत्पन्न करने की चुनौती देते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY