देश की खबरें | जहां कांग्रेस रहेगी, वहां भ्रष्टाचार रहेगा: नड्डा

जयपुर, 21 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भ्रष्टाचार को लेकर राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर मंगलवार को निशाना साधा और कहा कि जहां कांग्रेस रहेगी, वहां भ्रष्टाचार रहेगा।

नड्डा मंगलवार को सीकर के धोद और फ़तेहपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जहां-जहां कांग्रेस रहेगी, वहां-वहां भ्रष्टाचार रहेगा। जहां-जहां कांग्रेस रहेगी, वहां लूट होगी। जहां कांग्रेस होगी, वहां घोटाला, घपला, अत्याचार, व्यभिचार, छलावा और धोखा होगा...जहां भाजपा का कमल होगा वहां विकास, तरक्की होगी और देश प्रदेश आगे बढ़ेगा।’’

उन्होंने राज्य की कांग्रेस नीत सरकार पर धार्मिक ध्रुवीकरण और भाई को भाई से लड़ाने का आरोप लगाया। नड्डा ने आरोप लगाया, ‘‘आज राजस्थान की चर्चा धार्मिक ध्रुवीकरण और भाई को भाई से लड़ाने को लेकर है...हिन्दू-मुस्लिम के बीच में लड़ाई कराने का काम गहलोत सरकार ने किया।’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘आज राजस्थान की पहचान भ्रष्टाचार वाले राज्य के रूप में होती है...राजस्थान की चर्चा बहू बेटियों के साथ अत्याचार के लिए होती है...किसानों को धोखा देने के लिए होती है...दलित भाइयों के साथ अत्याचार के लिए होती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान के लोग अपनी आन-बान-शान के लिए जान देने से कभी पीछे नहीं हटे। लेकिन पिछले पांच वर्षों में राज्य में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी सरकार की दुर्भावना और बुरे इरादों ने इसे बुरी तरह प्रभावित किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने विकास को पटरी से उतार दिया है और राजस्थान की प्रगति को ग्रहण लगा दिया है। अब 25 दिसंबर को राजस्थान से इस ग्रहण को हटाने की तारीख है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा, जो मुख्यमंत्री गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस नीत सरकार के सभी भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करेगी जिसमें जल जीवन मिशन घोटाला, उर्वरक घोटाला, खनन घोटाला, भर्ती घोटाला और मिड डे मील घोटाला शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ‘‘सभी दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे डाला जाएगा।’’

नड्डा ने दावा किया कि 2018 में कांग्रेस पार्टी ने किसानों का सारा कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत कांग्रेस ने राज्य में 19,400 से अधिक किसानों की जमीन गिरवी रख दी।

उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान के लोग भाजपा को वोट देकर किसानों के लिए न्याय सुनिश्चित करेंगे। भाजपा सरकार प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए एक विशेष समिति बनाएगी।’’

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पेपर लीक के 19 मामले हुए और बड़े अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के रिश्तेदारों को महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया गया, जबकि राजस्थान के युवा पेपर लीक मामलों के कारण ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)