कोलकाता, 21 फरवरी इंग्लिश बाजार नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्णेंदु नारायण चौधरी ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता चौधरी ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति ने खुद को ‘‘डी कंपनी’’ का सदस्य बताते हुए 20 लाख रुपये देने या फिर जान से मारने की धमकी दी।
इससे पहले पिछले महीने इंग्लिश बाजार नगर पालिका के टीएमसी पार्षद दुलाल सरकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूर्वाह्न लगभग 10 बजकर 40 मिनट पर फोन आया। मंगलवार शाम 6 बजकर 51 मिनट पर मेरे नंबर पर एक व्हाट्सएप संदेश भेजा गया। मुझे अपनी जान को लेकर खतरा नहीं है। लोग मेरी सुरक्षा का ख्याल रखेंगे। हालांकि, मैंने पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया है।’’
पुलिस ने बताया कि चौधरी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्राथमिकी दर्ज करके जांच की जा रही है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता जगन्नाथ चटर्जी ने कहा कि चौधरी को मिली धमकी की उचित ढंग से जांच होनी चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने कहा कि पार्टी को पुलिस जांच पर भरोसा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY