नयी दिल्ली, 15 जुलाई दिल्ली में यमुना नदी में जलस्तर घट रहा है और शहर में या ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में अभी भारी बारिश के आसार नहीं हैं।
मंडलायुक्त अश्वनी कुमार ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ग्रस्त इलाकों में भी हालात में सुधार हो रहा है।
दिल्ली के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद यमुना में जलस्तर खतरे के निशान के पार चला गया जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए और निचले इलाकों में रह रहे हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा।
कुमार ने कहा, ‘‘यमुना में जलस्तर घट रहा है और हमें दिल्ली तथा ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में अभी भारी बारिश का अनुमान नहीं है। प्रभावित इलाकों में भी हालात में सुधार आ रहा है।’’
उन्होंने शहर में बाढ़ की स्थिति पर काबू पाने के लिए ‘‘अथक रूप से’’ काम कर रहे अधिकारियों पर निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा निशाना साधे जाने पर भी नाखुशी जाहिर की।
कुमार ने कहा कि अधिकारियों पर निराधार आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘यह अधिकारियों का ध्यान भंग करता है।’’
यमुना में तीन दिन तक जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद शुक्रवार से इसमें कमी आनी शुरू हुई। शनिवार को सुबह 10 बजे तक जलस्तर कम होकर 207.43 मीटर पर पहुंचा जबकि बृहस्पतिवार रात आठ बजे यमुना का जल स्तर 208.66 मीटर था।
बहरहाल, यमुना अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से दो मीटर अधिक पर बह रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY