देश की खबरें | क्रूज-मादक पदार्थ मामले में वानखेड़े ने अपने पद का दुरुपयोग किया- जांच रिपोर्ट

नयी दिल्ली, 19 मई मुंबई में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े की भूमिका की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसईटी) ने उनके द्वारा सेवा नियमों के कई कथित उल्लंघन पाये हैं, जिनमें विदेश यात्रा खर्च और महंगी घड़ियों की खरीद के बारे में गलत जानकारी देना शामिल है।

समीर वानखेड़े ने ही बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़े मादक पदार्थ मामले में शुरुआती जांच की थी।

एसईटी के निष्कर्षों को अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिकॉर्ड में ले लिया है।

आर्यन खान को दो अक्टूबर 2021 को मुंबई तट के पास कॉर्डेलिया क्रूज पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था। आर्यन करीब एक महीने जेल में रहा था। हालांकि पिछले साल एनसीबी ने आर्यन को तब आधिकारिक रूप से दोषमुक्त कर दिया था जब एजेंसी की एक विशेष जांच टीम ने नए सिरे से जांच की और कहा कि उनके खिलाफ गलत काम करने का कोई सबूत नहीं है।

एसईटी ने पिछले साल केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (सीएटी) को सौंपी अपनी रिपोर्ट में 2008 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी समीर वानखेड़े (44) और उनकी टीम के खिलाफ मुख्य रूप से दो मामलों में अनियमितताएं पाईं हैं। इनमें केंद्रीय सिविल सेवा (सीसीएस) के नियमों का उल्लंघन और क्रूज में मादक पदार्थों के पाए जाने के सिलसिले में छापेमारी की प्रक्रिया में कथित अनियमितताएं शामिल हैं।

समीर वानखेड़े ने इन आरोपों का खंडन किया है और सीबीआई की प्राथमिकी को रद्द करने के लिए सीएटी और हाल ही में बंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। वानखेड़े का कहना है कि एसईटी प्रमुख एवं एनसीबी के उप महानिदेशक (डीडीजी) ज्ञानेश्वर सिंह एक न्यायाधीश की तरह आचरण कर रहे थे क्योंकि वह मामले के दौरान उनके रिपोर्टिंग बॉस थे।

हिमाचल प्रदेश कैडर के 1999 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी ज्ञानेश्वर सिंह ने सीएटी को बताया कि वानखेड़े के खिलाफ उनकी जांच में कोई "पक्षपात" नहीं था, क्योंकि यह जांच एनसीबी मुख्यालय द्वारा प्रभाकर सैल नामक एक गवाह द्वारा दायर हलफनामे के आधार पर शुरू की गई थी। बाद में सैल की मृत्यु हो गई थी।

इस मामले में एक अन्य गवाह के.पी. गोसावी के अंगरक्षक प्रभाकर ने दावा किया था कि इस मामले में प्रक्रियागत खामियां थीं और उन्होंने गोसावी को शाहरुख खान से 25 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग करते हुए सुना था, ताकि उनके बेटे को कड़े स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की कठोर प्रक्रियाओं से मुक्त किया जा सके।

एसईटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि 2017 से 2021 के दौरान पांच वर्ष में समीर वानखेड़े ने ब्रिटेन, आयरलैंड, पुर्तगाल, दक्षिण अफ्रीका और मालदीव में परिवार के साथ छह निजी विदेश यात्राएं कीं। वानखेड़े ने 55 दिन के विदेश प्रवास पर केवल 8.75 लाख रुपये खर्च होने की घोषणा की जबकि यह राशि हवाई यात्रा पर हुए खर्च के लगभग बराबर है।

एसईटी ने आरोप लगाया कि वानखेड़े और उनका दोस्त विराल जमालुद्दीन राजन "क्रेडिट आधार/नकद भुगतान (समीर के परिवार के लिए लगभग 7.5 लाख रुपये) पर जुलाई 2021 में अपने परिवार और घरेलू सहायिका के साथ ताज एक्सोटिका मालदीव होटल में रुके थे।"

रिपोर्ट में इस बात का भी दावा किया गया कि वानखेड़े और उनके दोस्त ने 18 दिसंबर 2021 को विराल के क्रेडिट कार्ड से होटल को राशि का भुगतान किया।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि वानखेड़े ने 22.05 लाख रुपये कीमत वाली रॉलेक्स की एक घड़ी राजन से केवल 17.40 लाख रुपये में खरीदी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)