चंडीगढ़, 23 अगस्त पंजाब पुलिस ने बुधवार को एक वीडियो साझा किया जिसमें एक पाकिस्तानी ड्रोन हेरोइन का एक छोटा पैकेट सतह पर गिरा रहा है। इस घटना पर पुलिस ने कहा कि सीमा पार से दिन-दिहाड़े मादक पदार्थों की तस्करी सुरक्षाबलों के लिए एक नयी चुनौती है।
यह पहली बार है कि भारतीय भूमि पर पाकिस्तानी तस्करों द्वारा मादक पदार्थ का पैकेट गिराने का वीडियो सामने आया है।
पाकिस्तानी तस्कर आम तौर पर रात में और तड़के हेरोइन के पैकेटों को भारतीय इलाकों में गिराते हैं। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास कई ड्रोन (मानव रहित हवाई वाहनों) को मार गिराया है।
वीडियो में हेरोइन के एक पैकेट को ड्रोन से गिराते हुए देखा जा सकता है और ऐसा लग रहा है उस पर कैमरा लगा हुआ है।
तरन-तारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरमीत चौहान ने बताया कि पुलिस ने जुगराज सिंह नामक व्यक्ति के पास से दो किलोग्राम हेरोइन के साथ एक ड्रोन बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को एक वीडियो मिला है जिसमें दिन में हेरोइन के पैकेट को गिराते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस ने बताया कि पाकिस्तानी तस्कर अब कम मात्रा(करीब आधा किलोग्राम) में हेरोइन भेज रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह तरीका सुरक्षाबलों के सामने एक नयी चुनौती है।
पुलिस के अनुसार, यह एक छोटा ड्रोन है जो बहुत ऊंचाई तक उड़ सकता है और रात के मुकाबले दिन में इसकी आवाज सुन पाना मुश्किल है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जुगराज के पास से मिला ड्रोन शायद नीचे गिर गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY