एजेंसी न्यूज

बदायूं में कुत्ते के साथ क्रूरता का वीडियो आया सामने, आरोपी के ख़िलाफ़ मामला दर्ज

बदायूं ज़िले के कोतवाली सहसवान क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आवारा कुत्ते के साथ क्रूरता करते हुए एक युवक का वीडियो वायरल हुआ है. इस मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.

बदायूं में कुत्ते के साथ क्रूरता का वीडियो आया सामने, आरोपी के ख़िलाफ़ मामला दर्ज
प्रतिकात्मका तस्वीर (Photo Credits Wikimedia Commons)

बदायूं (उप्र), 29 मई : बदायूं ज़िले के कोतवाली सहसवान क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आवारा कुत्ते के साथ क्रूरता करते हुए एक युवक का वीडियो वायरल हुआ है. इस मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने रविवार को बताया कि दो दिन पूर्व सोशल मीडिया पर कुत्ते के साथ क्रूरता करते एक युवक का वीडियो सामने आया, जिसको लेकर पशु प्रेमियों ने ट्विटर पर शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी. वीडियो की सत्यता जानने के बाद शनिवार रात आरोपी युवक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान सहसवान थाना क्षेत्र के रहने वाले जुनैद के रूप में हुई है. उल्लेखनीय है कि विकेंद्र शर्मा नाम के पशु प्रेमी ने इस वीडियो को ट्वीट किया था और साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को टैग करते हुए उनसे कानूनी कार्रवाई की मांग की थी. यह भी पढ़ें : Uttarakhand Shocker: बुजुर्ग की हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी का अजीब कबूलनामा, गलत काम कराते थे इसलिए मार डाला- कोई पस्तावा नहीं

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी युवक जुनैद ईद पर अपने घर आया था और गली में घूमने वाले एक आवारा कुत्ते को पूछ से पकड़ कर हवा में घुमाते हुए उसको जमीन पर पटक दिया था.आरोपी युवक आवारा कुत्ते को परेशान करते हुए मजे ले रहा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. उन्होंने बताया कि पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने ट्विटर के जरिेये पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की. सहसवान कोतवाली के निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि आरोपी युवक जुनैद के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि जुनैद इस समय दिल्ली में है जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2022 12:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).