देश की खबरें | रतलाम में विहिप ने गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले पोस्टर लगाए

रतलाम (मप्र), 11 अक्टूबर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में चल रहे नवरात्रि उत्सव के दौरान देवी की आराधना के लिए गरबा नृत्य आयोजित करने वाले पंडालों में ‘‘गैर हिंदुओं’’ के प्रवेश पर प्रतिबंध वाले पोस्टर लगाए हैं। संगठन के एक पदाधिकारी ने सोमवार को कहा कि पिछले साल की विवादास्पद घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचने के लिए इस साल यह किया गया है।

विहिप ने कहा कि उसने 56 पंडालों में गैर हिंदुओं का प्रवेश निषिद्ध बताने वाले पोस्टर लगाए हैं।

रतलाम के विहिप के धर्म प्रचार विभाग के जिला सचिव चंदन शर्मा ने आरोप लगाया कि गैर हिंदू पुरुष गरबा पंडालों, जहां देवी की आराधना में गरबा नृत्य होता है, में प्रवेश करके आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘गैर हिंदू युवाओं के प्रवेश ने पिछले साल कई जगहों पर विवादों को जन्म दिया था। इस बार इस तरह के पोस्टर लगाकर गैर हिंदू लोगों से कहा जा रहा है कि वे गरबा पंडालों में प्रवेश न करें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।”

शर्मा ने दावा किया कि विहिप कार्यकर्ता उत्सव आयोजन समितियों की सहमति से ऐसे पोस्टर लगा रहे हैं।

रतलाम अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक गहलोत ने कहा कि प्रशासन को इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी शिकायत पर प्रशासन इस मामले में ध्यान देगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)