इंदौर (मध्यप्रदेश), 10 नवंबर उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद द्वारा भगवान राम को लेकर दिए विवादास्पद बयान पर आक्रोश जताते हुए विश्व हिन्दू परिषद के महासचिव मिलिंद परांडे ने बुधवार को कहा कि निषाद उनके निहित राजनीतिक स्वार्थों के चलते बकवास कर रहे हैं।
निषाद ने हालिया बयान में दावा किया था कि भगवान राम, राजा दशरथ के नहीं बल्कि श्रृंगी ऋषि निषाद के पुत्र थे। हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्होंने कहा था, “प्रभु श्री राम हमारे पूजनीय हैं। उनके बारे में कोई गलत शब्द निकल गया हो, तो मैं प्रभु श्रीराम से माफी मांगता हूं।"
भगवान राम को लेकर निषाद के विवादास्पद बयान पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर परांडे ने आज इंदौर प्रेस क्लब में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि निषाद अपनी ‘‘स्वार्थी राजनीति’’ चलाने के लिए बकवास कर रहे हैं, लेकिन वह पौराणिक सत्य को झुठला नहीं सकते और भगवान राम के प्रति करोड़ों लोगों की श्रद्धा तथा विश्वास पर उनकी बातों से कोई भी असर नहीं पड़ेगा।
विहिप महासचिव ने कहा, ‘‘इनकी (निषाद की) राजनीति चलेगी नहीं। जो भी रामजी के विरुद्ध गया, वह समाप्त हुआ, भले ही वह कोई पार्टी हो या व्यक्ति हो। अगर इन्हें इतनी भी अक्ल नहीं है, तो इनका हश्र भी वही होगा।"
उन्होंने कहा, ‘‘हम भगवान राम के बारे में महर्षि वाल्मीकि, संत तुलसीदास और देश के अलग-अलग राज्यों में रामायण लिखने वाले अन्य संत कवियों की बात मानेंगे। हम इनकी (निषाद की) बात नहीं मानेंगे। इन्हें भला क्या ज्ञान है?’’
परांडे ने मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ जिले में ईसाई मिशनरियों पर अवैध धर्मांतरण में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘झाबुआ में कुछ सरकारी अधिकारी भी ईसाई मिशनरियों की मदद कर रहे हैं। हम अवैध धर्मांतरण में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY