देश की खबरें | दिल्ली में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के दिग्गज नेताओं ने किया प्रचार

नयी दिल्ली, 19 मई दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान में एक सप्ताह से भी कम समय रहने के बीच भाजपा ने रविवार को शहर में कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत अपने बड़े नेताओं को प्रचार करने के वास्ते उतार दिया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके पूर्ववर्ती शिवराज सिंह चौहान, हैदराबाद की तेजतर्रार नेता माधवी लता और अमरावती की सांसद नवनीत राणा ने 25 मई को सात सीट पर होने वाले चुनाव से पहले रविवार को पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

उन्होंने भ्रष्टाचार और आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमले समेत कई मुद्दों को लेकर ‘आप’-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा।

चौहान ने उत्तर पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के किराड़ी में पार्टी के उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए कहा, “महाभारत की शुरुआत द्रौपदी के चीरहरण से हुई और पूरे कौरव वंश का अंत हो गया। यह दिल्ली है, यहां के लोग किसी मां, बहन या बेटी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

मोहन यादव ने कहा कि हर दिन ‘आप’ नेताओं और मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजा जा रहा है।

भाजपा नेता ने कहा, ''मुझे लगता है कि वह (केजरीवाल) दिल्ली के लोगों का अपमान कर रहे हैं जिन्होंने बड़ी उम्मीदों के साथ उनकी पार्टी को वोट दिया था।''

नयी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए धामी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ‘आप’ और कांग्रेस पर हमला बोला।

धामी ने कहा, "आम आदमी पार्टी (आप) कांग्रेस के भ्रष्टाचार को सीढ़ी बनाकर सत्ता में आई थी, लेकिन अब उसने कांग्रेस को बहुत पीछे छोड़ दिया है।"

अन्नामलाई ने पूर्वी दिल्ली के भाजपा उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा के समर्थन में तमिल और मलयाली समुदाय के सदस्यों की एक सभा को संबोधित किया।

उन्होंने मयूर विहार में एक चुनावी सभा में कहा, ''भाजपा जितनी मजबूत होगी, प्राचीन सनातन धर्म उतना ही मजबूत होगा।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)