पटना/बेगूसराय, 29 अगस्त बिहार के बेगूसराय जिला के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक और वयोवृद्ध कांग्रेसी नेता रामदेव राय, जिन्होंने 1980 के दशक में समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को हराया था, का शनिवार को पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
बेगूसराय के भगवानपुर थाना अंतर्गत किरतपुर पंचायत के चक्का सहलोरी गांव निवासी और कैंसर रोग से ग्रसित 81 वर्षीय राय पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे और शनिवार की सुबह हृदय गति रुक जाने से उनकी मृत्य हो गयी।
यह भी पढ़े | Delhi Metro to Resume Services: 7 सितंबर से दौड़ेगी दिल्ली मेट्रो, सीएम अरविंद केजरीवाल ने जताई खुशी.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मंत्री रामदेव राय के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘वह एक कुशल राजनेता एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थे। वह मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनका बिहार की राजनीति में अहम योगदान रहा है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से बेहद दुख पहचा है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
कांग्रेस के एक कद्दावर नेता राय ने 1972 के विधानसभा चुनाव में अपनी पहली चुनावी जीत दर्ज की थी और जनता पार्टी की भारी लहर के बावजूद पांच साल बाद भी इस सीट को बरकरार रखा।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या पर कांग्रेस के पक्ष में लहर के दौरान 1985 में राय ने समस्तीपुर लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को हराकर ख्याति प्राप्त की थी।
कांग्रेस के अपने तत्कालीन गठबंधन सहयोगी केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी के पक्ष में बछवाडा सीट छोड़ देने पर राय ने फरवरी 2005 में अपनी पार्टी कांग्रेस से कुछ समय के लिए नाता तोड़कर जदयू—भाजपा गठबंधन के समर्थन से इस सीट से विजय हासिल करने में सफल रहे थे।
राय ने 2015 में, महागठबंधन जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू, लालू प्रसाद की पार्टी राजद और कांग्रेस शामिल थे, के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा तथा लगातार दो राज्य विधानसभा चुनावों में हार के बाद बछवाड़ा सीट से विजयी हुए थे।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल एवं बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने राय के निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY