देश की खबरें | जी20 रात्रिभोज में अतिथियों को परोसे गए विभिन्न तरह के व्यंजन

नयी दिल्ली, नौ सितंबर जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए यहां आये विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों एवं अतिथियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर दिये गए रात्रिभोज में मुंबई पाव, इलायची की खुश्बू वाला सांवा का हलवा, अंजीर-आड़ू मुरब्बा आदि व्यंजन शामिल थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भव्य रात्रिभोज में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत जी20 देशों के विभिन्न नेताओं और अन्य मेहमानों का स्वागत किया।

शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम में आयोजित रात्रिभोज में राष्ट्राध्यक्षों और भारत सरकार द्वारा आमंत्रित नेताओं समेत लगभग 300 अतिथि शामिल हुए। रात्रिभोज की व्यंजन सूची में भारत की विविधतापूर्ण पाक परंपरा प्रतिबिंबित हुई।

रात्रिभोज कार्ड पर लिखा था, ‘‘परंपराओं, रीति-रिवाजों और ऋतुओं का संगम, भारत कई मायनों में विविधतापूर्ण है। स्वाद हमें जोड़ता है। हम शरद ऋतु का उत्सव मना रहे हैं, इस मेनू (व्यंजन सूची) में इस ऋतु की प्रचुरता है। यह भारत भर में पायी जाने वाली खाद्य सामग्री की समृद्धता को दर्शाता है एवं आधुनिक वैश्चिक विविधता में हमारी समृद्ध पाक- कला को व्यक्त करता है और यह ‘‘वसुधैव कुटुंबकम - ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ की भावना को समर्पित है।’’

शुरुआती भोजन (स्टार्टर)- ‘पात्रम’ - ‘ताजी हवा का झोंका’ दही के गोले और भारतीय मसालेदार चटनी से सजे कंगनी श्रीअन्न लीफ क्रीस्प्स (दूध, गेहूं और मेवा युक्त) था।

मुख्य भोजन- वनवर्णम ‘मिट्टी के गुण’ ग्लेज्ड फॉरेस्ट मशरूम, कुटकी श्रीअन्न क्रिस्प्स और करी पत्ते के साथ तैयार केरल लाल चावल के साथ परोसे गए कटहल गैलेट (दूध और गेंहू युक्त) था।

रात्रिभोज में परोसी गई भारतीय रोटियों में कलौंजी के स्वाद वाले मुलायम बन (दूध और गेंहू युक्त) और बाकरखानी- इलायची के स्वाद वाली मीठी रोटी (दूध, चीनी और गेंहू युक्त) शामिल थी।

खाने के बाद परोसे गए मिष्ठान में ‘मधुरिमा’ - जो इलायची की खुशबू वाला सांवा का हलवा, अंजीर-आड़ू मुरब्बा और अंबेमोहर राइस क्रिस्प्स (दूध, श्रीअन्न, गेंहू और मेवा युक्त) शामिल था।

जी 20 के नेताओं एवं अतिथियों को दिये जाने वाले पेय पदार्थ में कश्मीरी कहवा, फिल्टर कॉफी और दार्जिलिंग की चाय शामिल थी।

विदेशी नेताओं को पान के स्वाद वाली चॉकलेट की पत्तियां भी परोसी गईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)