नयी दिल्ली, एक मई देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 18 से 44 आयुवर्ग के लिए टीकाकरण के पहले दिन शनिवार को विभिन्न लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लगाये गए। हालांकि कई जगह पर टीके की खुराक उपलब्ध नहीं होने के चलते टीकाकरण अभियान शुरू नहीं हो सका।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 18-44 साल की उम्र के लोगों के लिये कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण की शुरूआत सोमवार से होगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी घोषणा की और कहा कि सरकार को टीके की 4.5 लाख खुराक प्राप्त हुयी है।
देश भर में शनिवार से 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिये टीकाकरण की शुरूआत हुयी। इस मौके पर केजरीवाल राजधानी के सरस्वती विहार में एक टीकाकरण केंद्र पर पहुंचे और इस अभियान की 'सांकेतिक शुरूआत' की।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''दिल्ली में 18-44 वर्ष के लोगों के लिये टीकाकरण की शुरूआत तीन मई से होगी। हमें 4.5 लाख टीके प्राप्त हुये हैं और उन्हें सभी जिलों में भेजा जा रहा है।'' केजरीवाल ने लोगों से आग्रह किया कि वह टीकाकरण केंद्रों पर कतार नहीं लगायें क्योंकि इस तरह से टीकाकरण की अनुमति नहीं है।
महाराष्ट्र के जन स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि महाराष्ट्र में शनिवार को 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के व्यक्तियों को टीका लगाने के पहले दिन इस आयुवर्ग के 11,492 लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया गया।
केंद्र सरकार द्वारा पिछले महीने व्यापक आबादी के लिए टीकाकरण अभियान चलाने का फैसला किये जाने के बाद 18 से ऊपर के लोगों के लिए शनिवार को टीकाकरण शुरू हुआ। 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए टीकाकरण पहले से ही चल रहा था।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नई श्रेणी के लिए टीकाकरण अभियान राज्य के 26 जिलों में चलाया गया और यह रविवार से सभी 36 जिलों में शुरू हो जाएगा। राज्य सरकार ने कहा है कि लोगों को पहले को-विन ऐप या पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण किए बिना टीकाकरण केंद्रों पर नहीं जाना चाहिए।
मुंबई में शनिवार को 18 से 44 साल की आयु के व्यक्तियों को टीका लगाने के पहले दिन 1,000 लोगों की टीका लगाया गया।
बृह्नमुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक अधिकारी ने कहा कि नगर निकाय ने रविवार को 18 से 44 साल की आयु के 2,500 लोगों की टीका लगाने का लक्ष्य रखा है।
अतिरिक्त नगर आयुक्त सुरेश काकानी ने 'पीटीआई-' से कहा, ‘‘आज हमने अपने पांच केन्द्रों में से प्रत्येक केन्द्र में 18 से 44 वर्ष की आयुवर्ग के 200 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा था, जिसे हासिल कर लिया गया है। प्रत्येक केन्द्र में 200 लोगों की टीका लगाए जाने का अनुमान है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY