देश की खबरें | उत्तराखंड : मुख्यमंत्री, राज्यपाल ने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी

देहरादून, 26 जुलाई कारगिल विजय दिवस की 23वीं वर्षगांठ के मौके पर बुधवार को पूरे उत्तराखंड में पुष्पांजलि समारोह आयोजित किए गए।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में विभिन्न कार्यक्रमों में कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल ने शौर्य स्थल युद्ध स्मारक पर कारगिल युद्ध के नायकों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कारगिल युद्ध के नायकों, उनके परिवारों और आश्रितों से भी मुलाकात की।

मुख्यमंत्री धामी और राज्य सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कारगिल युद्ध के दौरान देश के लिए जान गंवाने वाले शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए गांधी पार्क में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने युद्ध में शहीद जवानों की विधवाओं को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 बहादुर सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जिससे दुनिया को भारत के सैनिकों की वीरता का पता चला।

उन्होंने देहरादून और पिथौरागढ में एक-एक अतिरिक्त सैनिक कल्याण कार्यालय खोले जाने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि वह (धामी) सशस्त्र बलों के साथ एक विशेष जुड़ाव महसूस करते हैं क्योंकि उनके पिता भी एक सैनिक थे और वह भारत के सैनिकों की वीरता के बारे में कहानियां सुनकर बड़े हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)