देश की खबरें | उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास का अंतिम संस्कार किया गया

देहरादून, 27 अप्रैल उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री दिवंगत चंदन रामदास का बृहस्पतिवार को बागेश्वर में सरयू नदी के किनारे पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।

दिवंगत नेता को अंतिम विदाई देने के लिए उनके विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में भारी जनसैलाब उमड़ा। उनके आवास से भारी जन समूह के साथ निकाली गई शव यात्रा सरयू नदी के किनारे बागनाथ घाट पहुंची जहां पुलिस ने मातमी धुन के साथ उन्हें सलामी दी।

दिवंगत मंत्री की चिता को उनके दोनों पुत्रों ने मुखाग्नि दी।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, प्रेम चन्द्र अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, जिलाधिकारी अनुराधा पाल तथा पुलिस अधीक्षक हिमांशु वर्मा सहित कई लोगों ने उनकी पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

धामी ने दिवंगत नेता के घर जाकर उनके परिजनों को भी सांत्वना दिया ।

रामदास का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)