देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: मथुरा में पुलिस मुठभेड़ में अपराधी ढेर

लखनऊ/मथुरा (उप्र), एक जून उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में शनिवार को 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक बयान के अनुसार उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि मनोज उर्फ ​​उत्तम के खिलाफ दुष्कर्म और डकैती के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि 30 और 31 मई की दरमियानी रात विशेष अभियान समूह और पुलिस के संयुक्त अभियान में मनोज को एक मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

उसे उपचार के लिए मथुरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जब मनोज को एक्स-रे के लिए ले जाया जा रहा था तो वह पुलिस हिरासत से भाग गया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद, उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 223 (लोक सेवक की लापरवाही से कारावास या हिरासत से भागना) और 224 (किसी व्यक्ति द्वारा उसकी वैध गिरफ्तारी में प्रतिरोध या बाधा डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया।

इस बीच, आगरा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार ने मनोज की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया।

डीजीपी ने कहा, ‘‘पुलिस टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू की गई और अपराह्न तीन बजकर 20 मिनट पर लौहलरी माता मंदिर तिराहा के पास मनोज के होने का पता चला। पुलिस को देखकर उसने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिस दौरान वह फिर गोली लगने से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में छाता के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’

पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक देसी पिस्तौल, अन्य हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि कुमार एक हिस्ट्रीशीटर है और 2015 में बंदूक के बल एक महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में जेल में था।

वह 15 मई को एक माह की परोल पर जेल से बाहर आया था। हालांकि 25 मई को उसके खिलाफ महावन थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसने लिफ्ट देने के बहाने एक बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म किया और लूटपाट की।

पांडेय ने बताया कि मुठभेड़ के बाद हेड कांस्टेबल आनंद प्रताप और नेपाल सिंह के खिलाफ भी ड्यूटी में लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)