तीन महीने में क्षेत्र की अपनी चौथी यात्रा में ब्लिंकन ने संघर्ष के बाद के भविष्य के लिए विस्तृत योजनाएं तैयार करने के महत्व को रेखांकित किया। इसके साथ ही, उन्होंने हताहतों की संख्या को कम करने और गाजा तक मानवीय मदद की मात्रा को बढ़ाने के लिए इजराइल को अपने सैन्य अभियानों को सटीक ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जॉर्डन और अन्य अरब देश इजराइल की जवाबी कार्रवाइयों की आलोचना करते रहे हैं और दीर्घकालिक योजना के लिए सार्वजनिक समर्थन से बचते रहे हैं। उनका तर्क है कि ऐसी चर्चा शुरू होने से पहले गाजा में लड़ाई समाप्त होनी चाहिए। वे अक्टूबर के मध्य से तत्काल युद्ध विराम की मांग कर रहे हैं क्योंकि हताहतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं इजराइल ने युद्ध अभियान रोकने से इनकार कर दिया है।
ब्लिंकन ने जॉर्डन की राजधानी में डब्ल्यूएफपी के क्षेत्रीय समन्वय गोदाम का भी दौरा किया, जहां राफा और केरेम शालोम दोनों मार्ग से गाजा तक सहायता पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने गाजा में सहायता पहुंचाने के लिए डब्ल्यूएफपी और संयुक्त राष्ट्र की अन्य एजेंसियों के साथ-साथ जॉर्डन सरकार के काम की सराहना की।
अमेरिका कई हफ्तों से इजराइल पर गाजा में अधिक मात्रा में भोजन, पानी, ईंधन, दवा और अन्य आपूर्ति करने के लिए दबाव डाल रहा है तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 22 दिसंबर को एक प्रस्ताव पारित कर आपूर्ति में तत्काल वृद्धि का आह्वान किया। तीन हफ्ते पहले, इजराइल ने राफा के बाद गाजा में सहायता पहुंचाए जाने के लिए दूसरा प्रवेश बिंदु केरेम शालोम खोला।
ब्लिंकन रविवार को कतर और संयुक्त अरब अमीरात तथा सोमवार को सऊदी अरब की यात्रा करेंगे। मिस्र में यात्रा समाप्त करने से पहले वह मंगलवार और बुधवार को इजराइल और वेस्ट बैंक का दौरा करेंगे।
ब्लिंकन ने शनिवार को यूनान में कहा, ‘‘ये आसान बातचीत नहीं होने वाली है। अलग-अलग दृष्टिकोण, अलग-अलग जरूरतें, अलग-अलग आवश्यकताएं हैं, लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि हम गाजा के लिए, इजराइलियों और फलस्तीनियों तथा समग्र रूप से क्षेत्र के भविष्य के लिए इस कूटनीति में शामिल हों।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY