देश की खबरें | अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुलिवन ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात

नयी दिल्ली, 17 जून अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने सोमवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान सुलिवन ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति के बारे में जहां प्रधानमंत्री को अवगत कराया वहीं मोदी ने नए कार्यकाल में भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी।

पीएमओ ने कहा, ‘‘एनएसए सुलिवन ने प्रधानमंत्री को द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति के बारे में जानकारी दी। विशेष रूप से महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों (आईसीईटी) पहल के तहत सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम मेधा), दूरसंचार, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों के बारे में।’’

बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने सभी क्षेत्रों में बढ़ती द्विपक्षीय साझेदारी की गति और पैमाने और आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान पर संतोष व्यक्त किया।

इस दौरान, प्रधानमंत्री ने जी7 शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति बाइडन के साथ अपनी हाल की सकारात्मक बातचीत को याद किया।

पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने वैश्विक भलाई के लिए व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना जारी रखने और नए कार्यकाल में इसे और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।’’

बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन से मुलाकात की। भारत वैश्विक बेहतरी के लिए भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक भागीदारी को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)