देश की खबरें | यूपीएससी ने सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा के लिए छात्रों को परीक्षा केंद्र बदलने की अनुमति दी

नयी दिल्ली, एक जुलाई संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने चार अक्टूबर को होने वाली सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को उनका परीक्षा केंद्र बदलने की अनुमति दे दी है।

यूपीएससी ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘‘सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2020 (भारतीय वन सेवा (आरंभिक) परीक्षा, 2020 सहित) के बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को देखते हुए और केंद्र बदलने के लिए उम्मीदवारों से मिले अनुरोध के बाद आयोग ने उन्हें केंद्र के बारे में संशोधित विकल्प सौंपे जाने का एक अवसर देने का फैसला किया है।’’

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बदला गया यात्रा भत्ता से जुड़ा ये नियम, अब नहीं होना पड़ेगा परेशान.

बयान में कहा गया कि इसके अलावा सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2020 और भारतीय वन सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2020 के लिए केंद्र बदलने का भी विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है ।

बयान में कहा गया, ‘‘उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट पर जाने और जरूरी होने पर उपरोक्त परीक्षा के लिए अपनी पसंद के केंद्र के बारे में विवरण मुहैया कराने की सलाह दी जाती है। ’’

यह भी पढ़े | कोरोना महामारी: कोलकाता का कालीघाट मंदिर 100 दिन बाद श्रद्धालुओं के लिए आज से खुला.

उम्मीदवारों के लिए केंद्र बदलने की विंडो दो चरणों में संचालित होगी । आयोग की वेबसाइट पर सात-13 जुलाई तक और 20 से 24 जुलाई तक दो चरणों में उम्मीदवार इसके लिए अनुरोध कर पाएंगे।

आयोग ने कहा, ‘‘अतिरिक्त उम्मीदवारों की व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्र द्वारा अवगत कराए जाने पर उपलब्ध क्षमता पर विचार करते हुए बदलाव पर विचार किया जाएगा । ’’

बयान में कहा गया, ‘‘ उम्मीदवार इस बात का ध्यान रखें कि केंद्र में बदलाव के उनके अनुरोध पर ‘पहले आवेदन पहले आवंटन’ के आधार पर विचार होगा । किसी विशेष केंद्र की सारी सीटें भर जाने पर यह बदलाव नहीं हो सकेगा। ’’

आयोग ने कहा कि परीक्षा केंद्र की सारी सीटें भर जाने की स्थिति में बाकी विकल्प से उम्मीदवार को चुनना होगा ।

सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा, 2020 पहले 31 मई को होने वाली थी लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण अब यह चार अक्टूबर को आयोजित होगी ।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) समेत अन्य सेवाओं के लिए अधिकारियों के चयन के वास्ते यूपीएससी हर साल सिविल सेवा परीक्षा का आयोजन तीन चरणों में करती है । इसके तहत प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार का आयोजन होता है ।

देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा का हिस्सा बनने के लिए हर साल लाखों छात्र परीक्षा में बैठते हैं ।

बयान में कहा गया कि आयोग की वेबसाइट पर एक से आठ अगस्त तक उम्मीदवारों के लिए परीक्षा से अपना आवेदन वापस लेने का भी मौका होगा।

आवेदन वापस लेने के नियम-शर्त वहीं होंगे जिसका विवरण इस साल फरवरी में परीक्षा के नोटिस में दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)