देश की खबरें | उपहार अग्निकांड : अदालत ने पासपोर्ट नवीनीकरण मामले में गोपाल अंसल की शीघ्र सुनवाई की याचिका खारिज की

नयी दिल्ली, 11 अगस्त दिल्ली उच्च न्यायालय ने 1997 के उपहार सिनेमा अग्निकांड से जुड़े साक्ष्यों से छेड़छाड़ मामले में दोषी ठहराए गए रियल एस्टेट कारोबारी गोपाल अंसल की उस अर्जी को शुक्रवार को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने 10 साल के लिए पासपोर्ट के नवीनीकरण की याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की थी।

उच्च न्यायालय ने कहा कि इस मामले में शीघ्र सुनवाई संभव नहीं है।

न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा ने कहा, “मेरा मानना है कि बोर्ड (कार्य का भार) जल्दी तारीख की अनुमति नहीं देता है। आवेदन खारिज किया जाता है। मामले को पहले से तय तारीख 4 सितंबर को सूचीबद्ध करें।”

गोपाल अंसल (75) ने अपने आवेदन में कहा है कि उन्हें व्यावसायिक बैठकों के लिए विदेश यात्रा की जरूरत है, जिसके लिए उन्हें तत्काल अपना पासपोर्ट नवीनीकृत कराना होगा। अंसल के पासपोर्ट की वैधता अवधि 12 दिसंबर, 2020 को समाप्त हो चुकी है।

उन्होंने सुनवाई को निर्धारित चार सितंबर से पहले करने का अनुरोध याचिका में किया था।

दिल्ली के उपहार सिनेमा हॉल में 13 जून 1997 को हिंदी फिल्म 'बॉर्डर' की स्क्रीनिंग के दौरान आग लग गई थी, जिसमें 59 लोगों की मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)