देश की खबरें | उप्र: जिला प्रशासन की कार्रवाई की चेतावनी के बाद ग्रामीणों ने 'अवैध' मजार को ढहा दिया

बरेली (उप्र), 27 जनवरी बरेली जिले के शाही क्षेत्र के गणेशपुर गांव में कब्रिस्तान की जमीन पर कथित तौर पर मजार का निर्माण कर रहे लोगों ने जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद खुद ही इसे गिरा दिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सोमवार को अवैध निर्माण का कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन इस मसले पर दो लोगों के खिलाफ शांति भंग करने का मामला दर्ज किया गया है।

एसडीएम तृप्ति गुप्ता ने बताया कि बरेली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद छत्रपाल गंगवार ने उनसे संपर्क कर अवैध निर्माण की शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि लेखपाल संजय सिंह को मौके पर भेजा गया था।

लेखपाल ने ग्राम प्रधान से जानकारी ली और कागजात न दिखाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों के अनुसार मजार का निर्माण कब्रिस्तान की 200 गज जमीन पर अवैध रूप से किया जा रहा था।

एसडीएम जब मौके पर पहुंची तो वहां कोई निर्माण नहीं किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि निर्माण कार्य में संलिप्त ग्रामीणों ने खुद ही इसे तोड़ दिया।

उसने बताया कि एहतियात के तौर पर दो लोगों के खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)