देश की खबरें | रात में नहीं चलेंगी उप्र रोडवेज की बसें

लखनऊ/ बलिया, 20 दिसंबर कोहरे की वजह से बढ़ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को निर्णय लिया कि रोडवेज की बसें रात में नहीं चलेंगी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए रात्रिकालीन सेवाओं का ऑनलाइन आरक्षण अगले एक महीने के लिए टाला जाता है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में घने कोहरे की वजह से कम दृश्यता के बीच अलग-अलग घटनाओं में तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई और 39 लोग घायल हो गए।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना में वृद्धि हो रही है। इसे देखते हुए क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है कि घना कोहरा होने पर रोडवेज बसों का रात्रिकालीन परिचालन न हो।

लखनऊ में यूपीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने कहा कि बसें रात में ना चलें, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रात आठ बजे से 12 बजे तक बस अड्डों पर रहेंगे, ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा ना हो।

उन्होंने कहा कि यदि परिचालन के दौरान कोहरा पाया जाता है तो बस को निकट के बस स्टैंड पर खडी किया जाएगा। कोहरे की वजह से रात्रिकालीन सेवाओं के लिए आनलाइन आरक्षण अगले एक महीने के लिए टाल दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)