देश की खबरें | उप्र : 13 आपराधिक मामलों में वांछित व्यक्ति मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), 21 अगस्त गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद इलाके में रविवार को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के बडगाम के रहने वाले एक अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. ने यहां बताया कि पुलिस ने साहिबाबाद इलाके में हिंडन नदी के पुल पर शाम करीब छह बजे चेकिंग के लिए मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया लेकिन गाड़ी चला रहे व्यक्ति ने रफ्तार बढ़ा दी और मोहन नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित राजीव कॉलोनी की तरफ भागने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस ने वायरलेस सेट के माध्यम से एक अन्य पुलिस टीम को इसकी सूचना दी जिसने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके को घेर लिया।

अधिकारी ने बताया कि खुद को घिरा पाकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई में मोटरसाइकिल सवार एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका साथी भाग निकला।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान कश्मीर के बडगाम निवासी समीर (23) के रूप में हुई। वह इन दिनों दिल्ली के न्यू कर्दमपुरी में रह रहा था। उन्होंने बताया कि समीर दिल्ली तथा गाजियाबाद के विभिन्न थानों में दर्ज 13 आपराधिक मामलों में अभियुक्त है।

पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)