ठाणे, 12 जून महाराष्ट्र की एक स्थानीय अदालत ने सोमवार को शाहनवाज खान को गाजियाबाद ले जाने के लिये ठाणे पुलिस को उसकी ट्रांजिट रिमांड दे दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि खान पर कथित तौर पर एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से युवाओं का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है।
अधिकारी ने बताया कि यहां के मुंब्रा कस्बे के रहने वाले खान को रविवार को रायगढ़ जिले के अलीबाग में एक रिश्तेदार के यहां से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “उसे सड़क मार्ग से ठाणे से गाजियाबाद ले जाया जा रहा है।”
पुलिस के अनुसार, खान और गाजियाबाद की एक मस्जिद के मौलवी पर एक शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश के अवैध धर्म परिवर्तन निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गाजियाबाद के एक व्यक्ति ने पिछले महीने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि मौलवी और खान ने हाल ही में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा पास करने वाले उसके बेटे को अवैध रूप से इस्लाम कुबूल करवा दिया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसका बेटा एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से खान के संपर्क में आया और अक्सर उससे बात करता था, जिसके बाद उसका इस्लाम अपनाने की ओर झुकाव हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY