जरुरी जानकारी | यूनीटेक के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक युधवीर सिंह मलिक का कार्यकाल 2026 तक बढ़ा

नयी दिल्ली, 30 नवंबर कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने रियल एस्टेट कंपनी यूनीटेक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) युधवीर सिंह मलिक का कार्यकाल दो साल बढ़ाकर 20 जनवरी, 2026 तक कर दिया है।

यूनीटेक ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय (एमसीए) ने कंपनी के चेयरमैन और प्रबंधन निदेशक के तौर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी युधवीर सिंह मलिक का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ा दिया है। यह 21 जनवरी, 2024 से 20 जनवरी, 2026 तक प्रभावी रहेगा।

कंपनी के निदेशक मंडल ने बृहस्पतिवार को हुई बैठक में इसे मंजूरी दे दी है।

उच्चतम न्यायालय के 20 जनवरी, 2020 के आदेश का पालन करते हुए एमसीए ने जनवरी, 2020 में मलिक को यूनीटेक लिमिटेड के सीएमडी के तौर पर दो साल के लिए नियुक्त किया था।

न्यायालय ने निर्देश दिया था कि पूर्ववर्ती निदेशक मंडल को हटा दिया जाए और केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार प्रबंधन नए निदेशक मंडल द्वारा संभाला जाए।

कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने एक नए निदेशक मंडल के गठन का प्रस्ताव रखा, जिसे 20 जनवरी, 2020 को न्यायालय ने मंजूरी दे दी। मंत्रालय ने आठ नामांकित निदेशकों की नियुक्ति की।

सीएमडी के अलावा अनूप कुमार मित्तल, जीतू विरवानी, निरंजन हीरानंदानी, गिरीश कुमार अहूजा, प्रभाकर सिंह, रेनू सूद कर्नाड और बी श्रीराम को नियुक्त किया गया।

हालांकि, रेनू सूद कर्नाड, बी श्रीराम, अनूप कुमार मित्तल और निरंजन हीरानंदानी ने पिछले साल इस्तीफा दे दिया था।

उमा शंकर को पिछले साल नवंबर में नामित निदेशक नियुक्त किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)