देश की खबरें | केंद्रीय मंत्रियों ने अमेरिका, मिस्र की सफल यात्रा के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की

नयी दिल्ली, 28 जून केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अमेरिका और मिस्र की सफल यात्राओं के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा की तथा देश को नेतृत्व प्रदान करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं ने प्रदर्शित किया है कि दुनिया किस प्रकार भारत के नेतृत्व को मान्यता दे रही है।

उन्होंने बताया, ‘‘ सभी मंत्रियों ने अमेरिका और मिस्र की ऐतिहासिक यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। मंत्रिमंडल ने भारत को नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और धन्यवाद दिया।’’

ठाकुर ने कहा कि पिछले 75 वर्ष में यह पहला मौका है जब भारत के किसी प्रधानमंत्री को अमेरिकी कांग्रेस को दूसरी बार संबोधित करने का मौका मिला और संबोधन के दौरान सदस्यों ने कई बार खड़े होकर और तालियां बजा कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया जिसमें 135 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘‘ इससे प्रदर्शित होता है कि दुनिया अब भारतीय नेतृत्व को मान्यता दे रही है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान तीनों दिन अमेरिकी राष्ट्रपति विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद रहे।

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा की शुरूआत 20 जून को हुई थी और 21 जून को उन्होंने न्यूयार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)